सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत पंजाब में स्कूल बसों की जांच तेज।
पंजाब सरकार स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी को सख्ती से लागू कर रही है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रत्येक बच्चे की सुरक्षित स्कूल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। हर बच्चे का सुरक्षित स्कूल पहुंचना उसका अधिकार है और सरकार इस दिशा में लगातार कदम उठा रही है।
सितंबर 2026 तक 13,995 बसों की जांच
मंत्री ने जानकारी दी कि वर्ष 2025 से सितंबर 2026 तक राज्यभर में सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत कुल 13,995 स्कूल बसों की जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली 3,621 बसों के चालान काटे गए, जबकि सुरक्षा मानकों पर खरी न उतरने वाली 31 बसों को जब्त किया गया।
2025 में 8,325 बसों की हुई जांच
डॉ. बलजीत कौर के अनुसार, वर्ष 2025 में जिला स्तरीय स्कूल वाहन जांच समितियों ने कुल 8,325 स्कूल बसों की जांच की थी। इनमें से 2,026 बसों के चालान किए गए और 24 बसों को जब्त किया गया।
वहीं, जनवरी से सितंबर 2026 के बीच चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान 5,670 स्कूल बसों की जांच हुई। इस दौरान 1,595 बसों के चालान काटे गए और नियमों का उल्लंघन करने वाली 7 बसें जब्त की गईं।
नियमों का पालन नहीं करने वालों पर होगी कार्रवाई
मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने बच्चों की जिंदगी से जुड़े मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। उन्होंने उपायुक्तों, जिला स्कूल वाहन जांच समितियों, संबंधित विभागों, स्कूल प्रबंधन और ट्रांसपोर्टरों को सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी के सभी नियमों का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि जांच के दौरान यदि किसी वाहन में सुरक्षा संबंधी कमी सामने आती है, तो उसे तत्काल दूर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
स्कूलों और अभिभावकों से सहयोग की अपील
डॉ. बलजीत कौर ने स्कूल प्रबंधन, ट्रांसपोर्टरों और अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा के लिए मिलकर जिम्मेदारी निभाने की अपील की। उन्होंने स्कूलों से केवल निर्धारित सुरक्षा मानकों को पूरा करने वाले वाहनों का इस्तेमाल करने को कहा।
इसके साथ ही ट्रांसपोर्टरों को सभी नियमों का पालन करने और अभिभावकों को किसी भी तरह की लापरवाही या उल्लंघन की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आग्रह किया।
मंत्री ने दोहराया कि पंजाब सरकार बच्चों की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाती रहेगी, ताकि प्रदेश का प्रत्येक बच्चा सुरक्षित स्कूल पहुंचे और सकुशल अपने घर लौटे।
