राहुल गांधी का बड़ा ऐलान 'हर FIR मेरे लिए एक मेडल
नई दिल्ली: चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी सांसदों का विरोध प्रदर्शन अब और तेज होने जा रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को ऐलान किया कि विपक्षी सांसद जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मिलना चाहता था, लेकिन उन्हें मिलने का मौका नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने भी प्रदर्शन करने से रोका। इसके बाद विपक्ष ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का फैसला किया।
‘ज्ञानेश कुमार देश के वैध चुनाव आयुक्त नहीं’
राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष जंतर-मंतर पहुंचकर देश को बताएगा कि उसके मुताबिक ज्ञानेश कुमार देश के वैध चुनाव आयुक्त नहीं हैं। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया और लोकतंत्र को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए।
राहुल गांधी ने कहा कि जिन लोगों ने लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने का काम किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी दोहराई।
‘मेरे पास 45 FIR, लक्ष्य 100 का’
अपने खिलाफ दर्ज मामलों का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उनके खिलाफ 45 FIR हैं और उनका लक्ष्य 100 FIR तक पहुंचना है।
उन्होंने कहा, ‘हर FIR मेरे लिए एक मेडल है।’ राहुल गांधी के इस बयान के बाद उनका यह बयान सोशल मीडिया पर भी चर्चा में आ गया है।
260 लोगों को हिरासत में लिया गया था
इससे पहले विपक्षी सांसदों ने विरोध प्रदर्शन के दौरान आकाशवाणी भवन परिसर की ओर जाने की कोशिश की थी। पुलिस ने बिना अनुमति परिसर में प्रवेश करने के आरोप में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत करीब 260 लोगों को हिरासत में लिया था।
बताया गया कि प्रदर्शनकारियों ने कई घंटे तक धरना दिया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
खरगे की बैठक के बाद जंतर-मंतर के लिए रवाना हुआ विपक्ष
बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा बुलाई गई बैठक में विपक्षी सांसद शामिल हुए। बैठक के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी सांसद बस से जंतर-मंतर के लिए रवाना हुए।
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि विपक्ष एकजुट होकर संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए पूरे देश में संघर्ष करेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपने अधिकारों की रक्षा के लिए पीछे नहीं हटेगा।
