2027 पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले नवजोत सिद्धू की संभावित भूमिका पर कांग्रेस में चर्चा।
पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की राजनीति में नवजोत सिंह सिद्धू की संभावित वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रदेश कांग्रेस की कमान परगट सिंह को सौंपे जाने के बाद पार्टी के भीतर सिद्धू की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच वरिष्ठ कांग्रेस विधायक राणा गुरजीत सिंह के बयान ने राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे दी है।
सिद्धू की वापसी और आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी भूमिका को लेकर सवाल पूछे जाने पर राणा गुरजीत सिंह ने कहा कि फिलहाल वह इस बारे में कुछ नहीं कह सकते। उनके मुताबिक, इस मुद्दे पर नए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ही ज्यादा स्पष्ट जानकारी दे सकते हैं, क्योंकि वह पहले भी इस विषय पर अपनी राय रख चुके हैं।
‘घर में जितने जी ज्यादा, उतना अच्छा’
नवजोत सिद्धू की संभावित वापसी को लेकर राणा गुरजीत सिंह ने कहा, ‘घर में जितने जी ज्यादा होंगे, उतना ही अच्छा।’ उनके इस बयान को पार्टी में ज्यादा नेताओं को साथ लेकर चलने के संदर्भ में देखा जा रहा है। हालांकि, उन्होंने सिद्धू की वापसी की कोई निश्चित तारीख या औपचारिक पुष्टि नहीं की।
राणा गुरजीत ने साथ ही पार्टी में अनुशासन बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया। ऐसे में कांग्रेस के सामने नेताओं की एकजुटता कायम रखने और संगठनात्मक अनुशासन सुनिश्चित करने की चुनौती भी रहेगी।
राजा वड़िंग की भूमिका पर क्या बोले विधायक?
पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की भूमिका पर पूछे गए सवाल पर राणा गुरजीत सिंह ने कहा कि पार्टी में जिम्मेदारियों में बदलाव संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने कैप्टन अमरिंदर सिंह, नवजोत सिंह सिद्धू और राजा वड़िंग के प्रदेश अध्यक्ष रहने का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी हाईकमान ने वड़िंग को दूसरी जिम्मेदारी दी है।
2027 चुनाव से पहले सिद्धू पर नजरें
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस के लिए सभी प्रमुख नेताओं को साथ रखना अहम हो सकता है। नवजोत सिंह सिद्धू की संभावित सक्रियता, नए प्रदेश अध्यक्ष की रणनीति और पार्टी हाईकमान का रुख आने वाले समय में राज्य की राजनीति को प्रभावित कर सकता है।
फिलहाल सिद्धू की वापसी को लेकर कोई अंतिम घोषणा सामने नहीं आई है। ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पंजाब कांग्रेस नेतृत्व इस मुद्दे पर आगे क्या रुख अपनाता है।
