Punjab Politics: कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी की अटकलों के बीच सचिन पायलट ने कहा कि राजनीति में कुछ भी संभव है। जानिए राहुल गांधी के 'अंकल अमरिंदर' बयान से क्यों बढ़ी चर्चा।
पंजाब की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले उनके कांग्रेस में लौटने की संभावनाओं को लेकर सियासी गलियारों में अटकलें लगाई जा रही हैं। इन चर्चाओं को उस वक्त और हवा मिली, जब पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट से कैप्टन की संभावित ‘घर वापसी’ को लेकर सवाल पूछा गया।
सचिन पायलट ने इस सवाल का जवाब देते हुए कहा कि “पॉलिटिक्स में कुछ भी पॉसिबल है।” हालांकि उन्होंने साफ किया कि कैप्टन अमरिंदर सिंह से इस संबंध में उनकी कोई व्यक्तिगत बातचीत नहीं हुई है।
सचिन पायलट ने कैप्टन की जमकर तारीफ की
पीटीआई से बातचीत में सचिन पायलट ने कैप्टन अमरिंदर सिंह को पंजाब का एक बड़ा नेता बताया। उन्होंने कहा कि कैप्टन ने अपने कार्यकाल के दौरान पंजाब की अच्छी तरह सेवा की है।
पायलट ने यह भी कहा कि वह कैप्टन को काफी वर्षों से जानते हैं और उनके साथ काम कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी और कैप्टन अमरिंदर सिंह के मौजूदा संबंधों को लेकर वह कोई टिप्पणी नहीं कर सकते, लेकिन उन्होंने हाल में दिए गए कैप्टन के कुछ बयानों को देखा है।
राहुल गांधी के बयान ने भी बढ़ाई चर्चा
कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में संभावित वापसी की चर्चा उस समय भी तेज हुई थी, जब राहुल गांधी के एक वीडियो में उन्हें ‘अंकल अमरिंदर’ कहते हुए सुना गया।
राहुल गांधी से जब उनके पसंदीदा बीजेपी नेता के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लिया और उनके बारे में सकारात्मक बातें कहीं। राहुल ने कैप्टन को ‘कूल’ बताते हुए उनके सैन्य अनुभव का भी जिक्र किया।
इसके बाद राजनीतिक हलकों में यह चर्चा शुरू हो गई कि क्या कांग्रेस और कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच फिर से नजदीकियां बढ़ रही हैं।
क्या 2027 से पहले होगी वापसी?
फिलहाल कांग्रेस में कैप्टन अमरिंदर सिंह की वापसी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। सचिन पायलट ने भी यह स्पष्ट नहीं किया कि कांग्रेस नेतृत्व और कैप्टन के बीच इस संबंध में कोई बातचीत चल रही है या नहीं।
हालांकि, ‘राजनीति में कुछ भी संभव है’ वाला पायलट का बयान पंजाब की राजनीति में नई अटकलों को जरूर जन्म दे रहा है। अब नजर इस बात पर होगी कि आने वाले दिनों में कैप्टन अमरिंदर सिंह और कांग्रेस नेतृत्व की ओर से इस मुद्दे पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।
