टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कोटा में पकड़े गए तीन संदिग्ध।
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। मुंबई में अभिनेता की कार को निशाना बनाए जाने के बाद फरार हुए तीन संदिग्धों को राजस्थान के कोटा में पकड़ लिया गया है। पुलिस की शुरुआती जांच में आरोपियों के मुंबई से दिल्ली जाने और इसके बाद नेपाल निकलने की योजना की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, तीनों संदिग्ध ट्रेन से सफर कर रहे थे। सूचना मिलने के बाद कोटा सिटी पुलिस ने स्टेशन पर निगरानी बढ़ाई और ट्रेन से संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।
कौन हैं पकड़े गए आरोपी?
पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपियों में सोनीपत का रेहान उर्फ सुक्का, बिहार के बेगूसराय का ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन और एक नाबालिग शामिल है। ऋतिक के मुंबई में रहने की बात भी सामने आई है, जबकि रेहान के सोनीपत में मजदूरी करने की जानकारी पुलिस ने दी है।
इनमें से एक के रैपिडो राइडर होने की बात भी सामने आई है। फिलहाल मुंबई पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
50 हजार रुपये एडवांस मिलने का दावा
जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, फायरिंग के लिए आरोपियों को कथित तौर पर 50 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे। हालांकि, पुलिस अभी पूरे घटनाक्रम में आरोपियों की भूमिका और हमले के पीछे के मकसद की जांच कर रही है।
यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फायरिंग में तीनों आरोपी सीधे शामिल थे या किसी की भूमिका अलग थी।
फैंस को हाथ हिला रहे थे टाइगर, तभी चलीं गोलियां
घटना उस वक्त हुई जब टाइगर श्रॉफ फुटबॉल क्लब से निकलने के बाद अपनी कार में बैठे थे। वह कार की खिड़की के पीछे से अपने फैंस का अभिवादन कर रहे थे। तभी अचानक उनकी कार को निशाना बनाकर गोलियां चलाई गईं।
घटना के वीडियो में दो हमलावर दिखाई देते हैं। एक हमलावर कार के सामने से और दूसरा साइड से फायरिंग करता नजर आता है। इसके बाद बाइक पर मौजूद तीसरे साथी के साथ सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
बाइक छोड़कर ट्रेन से भागे
पुलिस जांच के मुताबिक, फायरिंग के बाद आरोपी बाइक को अंधेरी वेस्ट स्टेशन के पास छोड़कर लोकल ट्रेन से आगे बढ़े। इसके बाद उन्होंने लंबी दूरी की ट्रेन पकड़ी और दिल्ली जाने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, उनका अंतिम मकसद दिल्ली से नेपाल पहुंचना था। हालांकि, कोटा स्टेशन पर पुलिस की कार्रवाई के बाद उनकी फरारी की योजना नाकाम हो गई।
टाइगर श्रॉफ को आई मामूली चोट
फायरिंग के दौरान टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए। कांच के टुकड़ों और बारूद के कारण उनके बाएं हाथ पर मामूली चोटें आने की जानकारी सामने आई है। उनके ड्राइवर और पास में मौजूद एक ऑटो चालक के घायल होने की भी खबर है।
घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से मुलाकात की और मुंबई में गैंगवार के खिलाफ सख्त रुख जाहिर किया।
