अमित शाह पंजाब दौरे पर गुरदासपुर में विक्रमजीत सिंह के परिवार से मुलाकात करते हुए
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पंजाब दौरा मंगलवार को चर्चा में है। शाह 20 अक्टूबर को पंजाब पहुंचे हैं और इस दौरान वह राज्य के अलग-अलग इलाकों में परिवारों से मुलाकात करेंगे। उनके कार्यक्रम में गुरदासपुर, संगरूर, मानसा और लुधियाना शामिल हैं।
अमृतसर एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद अमित शाह हेलीकॉप्टर से गुरदासपुर रवाना हुए। उनका पहला प्रमुख कार्यक्रम गांव माड़ी पन्नुआं में रहा, जहां उन्होंने मृतक विक्रमजीत सिंह के परिवार से मुलाकात की।
विक्रमजीत के घर पहुंचे अमित शाह
अमित शाह का काफिला दोपहर करीब 12:50 बजे गांव माड़ी पन्नुआं पहुंचा। गृह मंत्री सीधे विक्रमजीत सिंह के घर गए और परिवार के सदस्यों से मुलाकात की।
विक्रमजीत सिंह की हत्या नशे की बिक्री रोकने को लेकर हुए विवाद के दौरान हुई थी। शाह ने परिवार से बातचीत कर उनका दुख साझा किया।
गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रही। गांव के करीब तीन किलोमीटर के इलाके में सुरक्षा घेरे को मजबूत किया गया।
अब मानसा जाएंगे अमित शाह
गुरदासपुर के बाद अमित शाह का कार्यक्रम संगरूर और फिर मानसा जाने का है। मानसा में वह परमिंदर सिंह झोटा के परिवार से मुलाकात करेंगे।
झोटा की हत्या के बाद पंजाब में इस मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन भी हुए थे। अब मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से मामले की जांच CBI को सौंपने का ऐलान किए जाने के बीच अमित शाह का मानसा दौरा राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है।
सुरक्षा के कारण मानसा में ड्रोन पर रोक
अमित शाह की सुरक्षा को देखते हुए मानसा जिला प्रशासन ने 20 अक्टूबर को शहर को रेड जोन घोषित किया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह रोक लगाई गई है।
गृह मंत्री के निर्धारित कार्यक्रम स्थलों और हेलीपैड के आसपास भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
लुधियाना में होगा 121 फीट के रावण का दहन
पंजाब दौरे के आखिरी चरण में अमित शाह लुधियाना के दरेसी मैदान पहुंचेंगे। यहां वह राज्य के सबसे ऊंचे बताए जा रहे 121 फीट के रावण का दहन करेंगे।
अमित शाह के कार्यक्रम को लेकर लुधियाना प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
दौरे से पहले पंजाब की राजनीति में बयानबाजी
अमित शाह के पंजाब पहुंचने से पहले कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने लॉरेंस बिश्नोई के साबरमती जेल में बंद होने को लेकर सवाल उठाए हैं। वहीं झोटा हत्याकांड की CBI जांच का मुद्दा भी राजनीतिक चर्चा के केंद्र में है।
ऐसे में अमित शाह का यह पंजाब दौरा सिर्फ धार्मिक और पारिवारिक मुलाकातों तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य के मौजूदा राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों के बीच भी इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
