इमारत गिरने के बाद घटनास्थल पर राहत-बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
दिल्ली के चावड़ी बाजार में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक गिर गई। इमारत के ढहते ही आसपास के इलाके में तेज आवाज गूंज उठी और लोग घबराकर बाहर निकल आए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। वहीं, आशंका है कि कुछ अन्य लोग भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। पुलिस, दमकल विभाग और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर राहत-बचाव अभियान चला रही हैं।
सूचना मिलते ही पहुंचीं पुलिस और दमकल की टीमें
अग्निशमन विभाग को गुरुवार सुबह करीब 9:50 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली। इसके बाद दमकल की गाड़ियां और पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। बचाव कार्य को तेज करने के लिए एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। टीमें मलबे में लोगों की तलाश कर रही हैं।
इमारत में चल रहा था निर्माण का काम
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे वाली इमारत तीन मंजिला थी और उसमें निर्माण कार्य जारी था। बताया जा रहा है कि यह घटना चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित इलाके में हुई। हालांकि, इमारत गिरने की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी
घटनास्थल के पास रहने वाले मोहम्मद अल्ताफ ने बताया कि उनका घर उसी गली के बाहर है। उन्होंने कहा कि वहां दो से तीन मंजिला नई इमारत बनाई जा रही थी। इमारत गिरने के दौरान उन्हें तेज आवाज सुनाई दी। उनके मुताबिक, आसपास की अन्य इमारतों को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
मलबे में लोगों की तलाश, अभियान जारी
हादसे के बाद सबसे बड़ी चुनौती मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। अधिकारियों के मुताबिक, इमारत के अंदर लोगों के मौजूद होने की आशंका है। इसी को ध्यान में रखते हुए बचाव दल सावधानी से मलबा हटाकर तलाश अभियान चला रहे हैं।
फिलहाल दो लोगों की मौत की सूचना है। राहत-बचाव कार्य पूरा होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे के समय इमारत में कितने लोग मौजूद थे और दुर्घटना किस वजह से हुई।
