BSF जवानों ने खेतों से मिले हथियारों को कब्जे में लिया, ANTF मोहाली ने केस दर्ज किया।
पंजाब में ड्रोन के जरिए हथियारों की तस्करी से जुड़ा एक नया मामला सामने आया है। फिरोजपुर जिले के गांव राणा पंज गराय में खेतों से दो पिस्टल और 50 कारतूस बरामद किए गए हैं। मौके से एक DGI मैट्रिस 400 ड्रोन और चार मैगजीन भी मिली हैं। मामले की जांच एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) मोहाली कर रही है।
5 नवंबर को हुई बरामदगी
पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर 2026 को एएनटीएफ की टीम ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए ड्रोन और हथियारों की बरामदगी की जानकारी दर्ज की। फिरोजपुर के राणा पंज गराय गांव के खेतों से मिले हथियारों को बीएसएफ जवानों ने कब्जे में लिया था।
बरामद सामान में दो स्टारमार्क .30 बोर पिस्टल, चार मैगजीन और .30 बोर के 50 कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा DGI मैट्रिस 400 ड्रोन भी मिला है।
तीन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
सहायक उपनिरीक्षक दिलदार सिंह के बयान पर ANTF मोहाली थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय वायुयान अधिनियम 2024 की धाराओं 26, 27 और 30 के अलावा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया है।
किसके लिए भेजे गए थे हथियार?
जांच अधिकारी दिलदार सिंह के मुताबिक, जांच का मुख्य उद्देश्य ड्रोन के स्रोत और हथियारों के संभावित प्राप्तकर्ता का पता लगाना है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि ड्रोन कहां से आया और हथियार किसे सौंपे जाने थे।
इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस बरामदगी के पीछे कोई बड़ा आपूर्ति नेटवर्क सक्रिय है या नहीं। अज्ञात व्यक्ति की पहचान और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
