ऑनलाइन स्व-गणना 30 नवंबर तक होगी, इसके बाद घर-घर गणना शुरू होगी।
चंडीगढ़: पंजाब में जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। राज्य के नागरिकों को इस बार अपनी जनगणना संबंधी जानकारी खुद ऑनलाइन भरने का विकल्प भी दिया गया है। यह सुविधा 16 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। इसके लिए लोगों को se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर 40 सवालों के जवाब देने होंगे।
जनगणना अभियान के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए 11 नवंबर को चंडीगढ़ स्थित जनगणना संचालन निदेशालय से 9 डिजिटल एलईडी वैन रवाना की गईं। निदेशक डॉ. नवजोत खोसा ने इन वैनों को हरी झंडी दिखाई।
स्व-गणना के लिए 15 दिन का समय
जनगणना के दूसरे चरण से पहले नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना का अवसर मिलेगा। इसके तहत लोग गणनाकर्ता के घर पहुंचने से पहले ही अपनी जानकारी पोर्टल पर दर्ज कर सकते हैं।
स्व-गणना के लिए 16 नवंबर से 30 नवंबर तक का समय निर्धारित किया गया है। इस दौरान प्रश्नावली में कुल 40 सवाल होंगे। निर्धारित तारीख के बाद यह सुविधा बंद हो जाएगी।
दिसंबर से शुरू होगी घर-घर जानकारी जुटाने की प्रक्रिया
ऑनलाइन स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के अगले दिन यानी 1 दिसंबर 2026 से जनगणना का दूसरा चरण शुरू होगा। यह प्रक्रिया 4 जनवरी 2027 तक चलेगी।
इस दौरान कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों से निर्धारित जानकारी एकत्र करेंगे। जनगणना के इस चरण के लिए 5 जनवरी 2027 की रात 12 बजे को संदर्भ तिथि निर्धारित किया गया है।
इसके बाद गणना में छूटे हुए लोगों को शामिल करने के लिए 3 से 5 दिन बाद पुनरीक्षण प्रक्रिया भी की जाएगी।
9 एलईडी वैन के जरिए लोगों तक पहुंचेगी जानकारी
राज्य के अलग-अलग जिलों में जनगणना के प्रचार के लिए 9 डिजिटल एलईडी वैन चलाई जाएंगी। ये वैन गांवों, शहरों, कस्बों, प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर लोगों को जनगणना प्रक्रिया के बारे में बताएंगी।
वैन में ऑडियो-वीडियो संदेशों के जरिए स्व-गणना और दूसरे चरण से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। इनमें मौजूद क्यूआर कोड स्कैन करके लोग सीधे राष्ट्रीय जनगणना पोर्टल पर पहुंच सकेंगे।
हर वैन के साथ संबंधित जिले का एस्कॉर्ट अधिकारी लगाया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से रूट प्लान और प्रचार स्थलों को अंतिम रूप दिया गया है।
परेशानी होने पर हेल्पलाइन 1855 से लें सहायता
जनगणना के दौरान नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1855 जारी किया गया है।
इस नंबर पर ऑनलाइन फॉर्म भरने, स्व-गणना की प्रक्रिया और जनगणना से जुड़े अन्य सवालों के बारे में जानकारी ली जा सकती है।
निदेशक डॉ. नवजोत खोसा ने लोगों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और घर आने वाले गणनाकर्ताओं को जरूरी सहयोग दें।
सोशल मीडिया पर भी जारी होंगे निर्देश
जनगणना संचालन निदेशालय पंजाब ने नागरिकों से इंस्टाग्राम, फेसबुक, एक्स और यूट्यूब पर @censusdcopunjab को फॉलो करने की अपील की है। इन माध्यमों पर जनगणना से जुड़े नए निर्देश, जरूरी तारीखें और जागरूकता संबंधी संदेश साझा किए जाएंगे।
पंजाब में मकानों की सूची तैयार करने और आवास संबंधी जानकारी जुटाने वाला पहला चरण पहले ही पूरा हो चुका है। अब दूसरे चरण में जनसंख्या से जुड़ा विवरण एकत्र किया जाएगा।
