राज्य के 104 पूजा स्थलों पर सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
चंडीगढ़: छठ पूजा के मद्देनजर पंजाब सरकार ने राज्यभर में तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अधिकारियों को प्रदेश में चिन्हित 104 पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। सरकार की प्राथमिकता पूजा के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना है।
इस संबंध में मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सिविल प्रशासन और पुलिस विभाग को मिलकर काम करने तथा प्रत्येक पूजा स्थल के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की नियुक्ति करने को कहा।
पूजा स्थलों पर पानी, रोशनी और सफाई की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ पूजा लोगों की धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इसलिए श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी 104 स्थानों पर साफ पानी, सफाई और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए। महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों को विशेष रूप से ध्यान में रखा जाए। जिन जल स्रोतों में पानी की जरूरत होगी, वहां ताजा पानी उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बड़े शहरों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उचित घाटों के निर्माण और विकास पर भी ध्यान दिया जाएगा।
जल स्रोतों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
छठ पूजा के दौरान श्रद्धालु बड़ी संख्या में तालाबों और अन्य जल स्रोतों के पास पहुंचते हैं। ऐसे में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए मुख्यमंत्री ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा है।
संवेदनशील स्थानों पर लाइफगार्ड तैनात किए जाएंगे। घाटों पर भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए बैरिकेडिंग और रस्सियां लगाई जाएंगी। लोगों तक जरूरी सूचनाएं पहुंचाने के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी।
NDRF और SDRF की मदद लेने के निर्देश
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अधिकारियों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है। आवश्यकता पड़ने पर NDRF और SDRF की विशेष टीमों की सहायता ली जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तुरंत राहत और सहायता उपलब्ध होनी चाहिए। इसके लिए सभी आपातकालीन सेवाओं को तैयार रखने और पूजा स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
हर पूजा स्थल पर तय होगी अधिकारियों की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि तैयारियों को अंतिम समय तक लंबित नहीं रखा जाना चाहिए। सभी संबंधित विभागों को समय रहते अपनी जिम्मेदारियां पूरी करनी होंगी।
प्रत्येक पूजा स्थल पर अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी तय की जाएगी। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे, जबकि सिविल प्रशासन और पुलिस विभाग आपसी तालमेल से काम करेंगे।
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में सभी धर्मों और समुदायों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन और लोगों के सहयोग से छठ पूजा शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में आयोजित होगी।
बैठक में कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और हरदीप सिंह मुंडियां, मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव डॉ. रवि भगत, विशेष डीजीपी पी.के. सिन्हा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
