प्रतियोगिता में 15 से 30 वर्ष के पंजाब निवासी भाग ले सकेंगे।
पंजाब के युवाओं के लिए सरकार ने एक नई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की घोषणा की है, जिसमें ज्ञान और सामान्य जानकारी के दम पर लाखों से लेकर एक करोड़ रुपये तक के पुरस्कार जीतने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘पंजाब दा करोड़पति’ नाम से इस क्विज प्रतियोगिता की शुरुआत की है। इसमें 15 से 30 वर्ष तक के पंजाब निवासी भाग ले सकते हैं।
इस प्रतियोगिता को युवाओं की पढ़ाई, सामान्य ज्ञान और सरकारी नौकरियों की तैयारी से जोड़कर तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की सफलता ही पंजाब की असली तरक्की है और सरकार उन्हें आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग देगी।
एक करोड़ रुपये का होगा पहला पुरस्कार
इस प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण एक करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार है। प्रदेश स्तर पर विजेता रहने वाले प्रतिभागी को यह राशि दी जाएगी। इसके अलावा चार उप-विजेताओं को 10-10 लाख रुपये मिलेंगे।
लीडरबोर्ड में जगह बनाने वाले आठ अन्य प्रतिभागियों को 5-5 लाख रुपये दिए जाएंगे। सरकार ने कुल 10,000 प्रतिभागियों को अलग-अलग चरणों में पुरस्कार देने की योजना भी बताई है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को डिजिटल प्रमाणपत्र और दूसरे पुरस्कार भी मिल सकते हैं।
पंजाब से जुड़े विषयों पर पूछे जाएंगे सवाल
क्विज में सवाल पंजाब की विरासत और राज्य से जुड़े अलग-अलग विषयों पर आधारित होंगे। इसमें पंजाब का इतिहास, भूगोल, कला, संस्कृति, सामान्य ज्ञान, समसामयिक घटनाएं, गणित, योग्यता और शासन व्यवस्था शामिल हैं।
सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों से जुड़े प्रश्न भी प्रश्न बैंक का हिस्सा होंगे। प्रश्न बैंक में लगभग 50 हजार सवाल शामिल किए जाएंगे।
इस प्रतियोगिता का एक उद्देश्य युवाओं को कांस्टेबल, पटवारी और पीसीएस जैसी सरकारी नौकरियों की परीक्षाओं के लिए तैयार करना भी है। सवालों का स्वरूप इन्हीं प्रतियोगी परीक्षाओं के पैटर्न को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा।
ऑनलाइन क्विज से शुरू होगी प्रतियोगिता
‘पंजाब दा करोड़पति’ में कुल 11 राउंड होंगे। इनमें से पहले नौ चरण डिजिटल माध्यम से आयोजित किए जाएंगे। दसवें चरण में जिला स्तर पर मुकाबले होंगे और आखिरी चरण में प्रदेश का ग्रैंड फिनाले आयोजित किया जाएगा।
डिजिटल राउंड 21 नवंबर से शुरू होकर 7 दिसंबर तक अलग-अलग तारीखों पर होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ये राउंड 21, 23, 25, 27 और 29 नवंबर तथा 1, 3, 5 और 7 दिसंबर को होंगे। जिला स्तरीय मुकाबले 9 दिसंबर को पंजाब के सभी 23 जिलों में आयोजित किए जाएंगे।
हर जिले का विजेता प्रदेश स्तरीय फाइनल में पहुंचेगा। ग्रैंड फिनाले 17 दिसंबर को आयोजित करने की योजना है।
सवाल का जवाब देने के लिए मिलेगा सिर्फ 20 सेकंड का समय
प्रतियोगिता में हर सवाल के चार विकल्प होंगे और प्रतिभागी को सही उत्तर चुनना होगा। एक सवाल का जवाब देने के लिए 20 सेकंड मिलेंगे। समय पूरा होने पर अगला सवाल अपने आप सामने आ जाएगा।
क्विज के दौरान रुकने की सुविधा नहीं होगी। प्रतिभागियों की रैंकिंग उनके प्रदर्शन और प्राप्त अंकों के आधार पर बनेगी। सबसे ज्यादा अंक हासिल करने वाले प्रतियोगी अगले राउंड में आगे बढ़ेंगे।
युवाओं को असली मुकाबले से पहले तैयारी का मौका देने के लिए मॉक क्विज भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे ऐप और क्विज के तरीके को समझ सकें।
मोबाइल ऐप और पोर्टल से होगा पंजीकरण
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए युवाओं को आधिकारिक पोर्टल पर जाकर या मोबाइल ऐप के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। सबसे पहले मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा और ओटीपी से उसकी पुष्टि करनी होगी। इसके बाद पहचान सत्यापन और अन्य जरूरी जानकारी भरनी होगी।
यदि प्रतिभागी वर्तमान में स्कूल या कॉलेज में पढ़ाई कर रहा है तो उसे अपने संस्थान का विवरण भी देना होगा। पंजीकरण के दौरान जिले का चयन करना जरूरी होगा। इसके बाद पंजीकृत मोबाइल नंबर और ओटीपी से लॉग-इन कर ऑनलाइन राउंड में हिस्सा लिया जा सकेगा।
बड़े आयोजन के रूप में होगा समापन
17 दिसंबर को होने वाले ग्रैंड फिनाले में पंजाब के 23 जिलों के विजेता शामिल होंगे। इसके लिए किसी बड़े स्थान या स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। इसमें पुरस्कार वितरण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम और पंजाबी कलाकारों की प्रस्तुतियां भी हो सकती हैं।
सरकार इस आयोजन को टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करने की संभावनाओं पर भी विचार कर रही है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से इस प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में हिस्सा लेने की अपील की है। सरकार का कहना है कि इससे युवाओं को ज्ञान बढ़ाने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
