भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच दोनों देशों से जुड़ी एक नई कूटनीतिक खबर सामने आई है। पाकिस्तान ने नई दिल्ली में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन के पहले सभ्यता संवाद मंच में भाग लेने की पुष्टि की है। पाकिस्तान सरकार ने अपने संघीय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक को इस कार्यक्रम के लिए नामित किया है। वह 20 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाले मंच पर पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेंगे।
यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री के भारत आने की योजना है। इससे पहले मई 2023 में तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी SCO की बैठक में शामिल होने गोवा पहुंचे थे।
जलवायु परिवर्तन मंत्री को सौंपी गई जिम्मेदारी
पाकिस्तान सरकार ने 14 नवंबर को जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में डॉ. मुसादिक मसूद मलिक के नामांकन की जानकारी दी। वह पाकिस्तान के संघीय जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण समन्वय मंत्री हैं।
सरकार के अनुसार, मलिक नई दिल्ली में होने वाले SCO सभ्यता संवाद में पाकिस्तान की ओर से हिस्सा लेंगे। इस मंच पर सदस्य देशों के प्रतिनिधि सभ्यताओं के बीच बातचीत, सांस्कृतिक समझ और आपसी सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
पाकिस्तान ने अपने बयान में कहा कि वह संगठन के माध्यम से आपसी सम्मान और लोगों के बीच संपर्क को बढ़ावा देने के पक्ष में है।
क्या है SCO सभ्यता संवाद मंच का उद्देश्य?
SCO का यह पहला सभ्यता संवाद मंच भारत की पहल पर आयोजित किया जा रहा है। इसका मकसद यूरेशियाई क्षेत्र के देशों को एक साझा मंच पर लाकर उनकी सांस्कृतिक परंपराओं, सभ्यताओं और विरासत से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श करना है।
भारत ने इस कार्यक्रम में पाकिस्तान सहित SCO के सभी 10 सदस्य देशों को आमंत्रित किया है। 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में होने वाले इस आयोजन में सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के बीच सांस्कृतिक समझ और लोगों के आपसी संपर्क को मजबूत करने पर चर्चा होगी। तीन साल से अधिक समय बाद पाकिस्तानी मंत्री का भारत आना
पाकिस्तान के मंत्री का प्रस्तावित दौरा भारत-पाकिस्तान संबंधों के मौजूदा हालात के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। दोनों देशों के बीच मई 2025 में सैन्य टकराव के बाद संबंधों में तनाव और बढ़ गया था।
ऐसे में SCO जैसे बहुपक्षीय मंच पर पाकिस्तान की भागीदारी महत्वपूर्ण है। हालांकि, यह यात्रा द्विपक्षीय बातचीत के लिए किसी नई पहल की घोषणा नहीं है। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान ने अपने प्रतिनिधि का नाम घोषित किया है और उनका दौरा 20 से 22 नवंबर के कार्यक्रम के लिए प्रस्तावित है।
