महिला के जिंदा मिलने के बाद हत्या के आरोप में जेल काट चुके राजेश को लेकर मामला फिर चर्चा में।
कर्नाटक के मांड्या जिले से सामने आई एक घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया है। सात साल पहले लापता हुई एक महिला को मृत मान लिया गया था। उसके अपहरण और हत्या के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। युवक ने करीब ढाई साल जेल में बिताए, लेकिन बाद में जमानत पर बाहर आने के बाद भी अपनी बेगुनाही की लड़ाई जारी रखी। आखिरकार उसी युवक की कोशिशों से वह महिला मिल गई, जिसकी हत्या का आरोप उस पर लगाया गया था।
शादी से नाराज होकर घर से चली गई थी महिला
यह पूरा मामला 3 जुलाई 2019 को शुरू हुआ था। मांड्या जिले के पांडवपुरा क्षेत्र की मंजू की शादी परिवार ने उसकी इच्छा के खिलाफ तय कर दी थी। इस फैसले से नाराज होकर वह घर से निकल गई थी।
जानकारी के अनुसार, बस स्टैंड पर मंजू ने अपने प्रेमी के पास जाने से पहले घर पर फोन करने के लिए राजेश नाम के युवक से उसका मोबाइल मांगा था। इसके बाद वह लापता हो गई।
मंजू के घर नहीं लौटने पर उसके पिता नागराजू ने पुलिस से संपर्क किया और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने कॉल डिटेल की जांच की तो मंजू की आखिरी कॉल राजेश के नंबर पर मिली। हालांकि, शुरुआती जांच के बाद वर्ष 2021 में इस मामले को अनसुलझा मानकर बंद कर दिया गया था।
पिता के आरोपों ने बदल दी मामले की दिशा
मामले में नया मोड़ 11 अगस्त 2021 को आया, जब नागराजू ने दो अन्य व्यक्तियों के बयानों के आधार पर पुलिस में नई शिकायत दी। शिकायत में उन्होंने राजेश पर मंजू का अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाया। उनका दावा था कि हत्या के बाद शव कावेरी नदी में फेंक दिया गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया और तत्कालीन इंस्पेक्टर प्रभाकर की अगुवाई में जांच आगे बढ़ी। इसके बाद राजेश को गिरफ्तार कर लिया गया।
शव नहीं मिला, फिर भी दाखिल हुई चार्जशीट
इस मामले में सबसे बड़ा सवाल जांच के तरीके को लेकर उठ रहा है। आरोप है कि पुलिस को न तो मंजू का शव मिला और न ही हत्या से जुड़े ठोस सबूत सामने आए। इसके बावजूद गवाहों के बयानों और कथित कबूलनामे के आधार पर राजेश के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी गई।
राजेश को इस मामले में करीब ढाई साल जेल में बिताने पड़े। बाद में उसे जमानत मिल गई। हालांकि, जेल से बाहर आने के बाद भी उसने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताते हुए सच्चाई सामने लाने की कोशिश जारी रखी।
अपनी बेगुनाही के लिए राजेश ने शुरू की तलाश
राजेश की कानूनी टीम ने मामले की दोबारा पड़ताल की। इस दौरान वकीलों ने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई और मांड्या के नागमंगल इलाके के पास मंजू को ढूंढ निकाला।
सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि मंजू जिंदा थी और अपने पति के साथ रह रही थी। वकीलों की सूचना के बाद पुलिस ने उसे खोजा और महिला आश्रय केंद्र में रखा।
मंजू ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह राजेश को जानती तक नहीं है। उसने यह भी बताया कि उसे इस मुकदमे की कोई जानकारी नहीं थी। महिला ने राजेश को निर्दोष बताया और अदालत में भी यही बात कहने की इच्छा जताई।
अब पुलिस की भूमिका की होगी जांच
सात साल बाद महिला के जिंदा मिलने से पूरे मामले की जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं। राजेश के परिवार ने शिकायतकर्ता नागराजू और तत्कालीन जांच अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि गलत आरोपों और लापरवाही के कारण राजेश को लंबे समय तक जेल में रहना पड़ा।
मांड्या की पुलिस अधीक्षक शोभा रानी ने मामले में गंभीर चूक होने की बात स्वीकार की है। उन्होंने पुलिस उपाधीक्षक को पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच करने और रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।
हालांकि, बिना शव के हत्या के मामले में चार्जशीट दाखिल किए जाने के सवाल पर पुलिस अधीक्षक ने कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की। अब जांच रिपोर्ट से यह सामने आ सकता है कि महिला के लापता होने से लेकर युवक की गिरफ्तारी तक पुलिस की कार्रवाई में क्या कमियां रहीं।
