निखिल गुप्ता ने सजा सुनाए जाने से पहले अमेरिकी जज को पत्र लिखकर पछतावा जताया है।
गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश से जुड़े मामले में भारतीय मूल के निखिल गुप्ता की सजा पर 20 नवंबर को फैसला सुनाया जाना है। सुनवाई से पहले निखिल ने अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट जज विक्टर मारेरो को पत्र लिखकर माफी मांगी है। उन्होंने अपने पत्र में स्वीकार किया कि वर्ष 2023 की शुरुआत में उनके जीवन में गंभीर मानसिक और निजी परेशानियां चल रही थीं।
निखिल गुप्ता अमेरिका में हत्या की साजिश के मामले में मुकदमे का सामना कर रहे हैं। सजा की तारीख नजदीक आने के बीच उन्होंने अदालत के सामने अपने पछतावे और गिरफ्तारी के बाद के अनुभवों को रखा है।
परिवार से संपर्क नहीं कर पाना बना बड़ी परेशानी
जज को लिखे पत्र में निखिल ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद उनकी सबसे बड़ी चिंता अपने परिवार को अपनी स्थिति के बारे में बताने की थी। वह पत्नी, बच्चों और मां को यह जानकारी देना चाहते थे कि वह जीवित हैं और किन हालात में हैं।
हालांकि, उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी कानून तोड़ने के आरोपी के रूप में उन पर लगी पाबंदियों के कारण वह कई सप्ताह तक परिवार से संपर्क नहीं कर सके। इस परिस्थिति ने उनकी मानसिक परेशानी को और बढ़ा दिया।
पत्र में उन्होंने लिखा कि वर्ष 2023 की शुरुआत में वह जिस इंसान में बदल गए थे, उसे खुद भी पहचान नहीं पा रहे थे। उन्होंने अपने व्यवहार पर पछतावा जताते हुए कहा कि काश उन्हें अपनी गलतियां सुधारने का एक और मौका मिल पाता।
हिरासत में आत्महत्या के विचार आने की बात कही
निखिल गुप्ता ने अपने पत्र में अत्यधिक शराब पीने और निजी संघर्षों को भी अपनी खराब मानसिक स्थिति से जोड़ा। उन्होंने बताया कि हिरासत के शुरुआती दिनों में उन्हें आत्महत्या करने के गंभीर विचार आते थे।
उन्होंने यह भी लिखा कि उन्हें लगातार इस बात की चिंता रहती थी कि उनके कारण पत्नी, बच्चों, मां और अन्य परिजनों को कितना दुख पहुंचा है। अपने परिवार के साथ उन्होंने अपनी दो बिल्लियों का भी जिक्र किया।
निखिल ने अदालत को आश्वासन दिया कि जज जो भी फैसला सुनाएंगे, वह उसे स्वीकार करेंगे।
पन्नू को अदालत में बयान देने के लिए 20 मिनट देने की मांग
इस मामले में सजा की सुनवाई से पहले अभियोजन पक्ष की ओर से भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। संघीय अभियोजकों ने अदालत से अनुरोध किया है कि कथित साजिश के निशाने पर रहे गुरपतवंत सिंह पन्नू को सुनवाई के दौरान सीधे अदालत में अपनी बात रखने के लिए 20 मिनट दिए जाएं।
अब 20 नवंबर की सुनवाई इस मामले में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसमें अदालत निखिल गुप्ता को सजा सुनाएगी।
