पंजाब में नशा तस्करों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने अपना अभियान तेज कर दिया है। अमृतसर ग्रामीण और तरनतारन में चलाए गए दो दिवसीय विशेष तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 300 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान भारी मात्रा में हेरोइन और अफीम के साथ अवैध हथियार भी बरामद किए गए।
यह अभियान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों और पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव के आदेशों के तहत चलाया गया। मंगलवार और बुधवार को हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने दोनों जिलों के 361 संदिग्ध ठिकानों पर तलाशी ली।
नशा तस्करों के साथ हथियार रखने वालों पर भी शिकंजा
विशेष अभियान के दौरान गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों के कब्जे से कुल 16.7 किलोग्राम हेरोइन, 800 ग्राम अफीम, 5,450 रुपये की ड्रग मनी और तीन पिस्तौल बरामद की गईं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस कार्रवाई का मकसद नशे की सप्लाई करने वाले लोगों तक पहुंचना और उनके पीछे काम कर रहे पूरे नेटवर्क को उजागर करना है। इसमें तस्करों के सहयोगियों, सप्लायरों, आर्थिक मददगारों और अपराधियों को शरण देने वाले लोगों की पहचान भी शामिल है।
पंजाब के अन्य जिलों में भी होगी ऐसी कार्रवाई
विशेष डीजीपी कानून एवं व्यवस्था प्रवीण सिन्हा ने बताया कि इस तरह के विशेष तलाशी अभियान केवल दो जिलों तक सीमित नहीं रहेंगे। आने वाले समय में पंजाब के अन्य जिलों में भी इन्हें चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान को और मजबूत बनाने के लिए जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कार्रवाई के दौरान पूरे आपराधिक नेटवर्क पर ध्यान दिया जाए।
628 दिनों में 93,906 नशा तस्कर गिरफ्तार
पंजाब पुलिस का ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान भी लगातार जारी है। इसके 628वें दिन 146 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इस कार्रवाई में 30.5 किलो हेरोइन, 2 किलो अफीम, 315 नशीली गोलियां और कैप्सूल तथा 6,700 रुपये की ड्रग मनी बरामद की।
पुलिस के अनुसार, इस अभियान के शुरू होने से अब तक कुल 93,906 नशा तस्करों की गिरफ्तारी हो चुकी है। नशामुक्ति के प्रयासों के तहत 16 लोगों को उपचार और पुनर्वास के लिए भी तैयार किया गया।
गैंगस्टरों के खिलाफ अभियान में 265 गिरफ्तार
पुलिस ने ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 303वें दिन भी कार्रवाई जारी रखी। इस दौरान 265 लोगों को गिरफ्तार किया गया और छह हथियारों की बरामदगी की गई।
इस अभियान के तहत अब तक गिरफ्तार व्यक्तियों की संख्या 85,349 हो चुकी है। पुलिस ने 234 लोगों पर एहतियाती कार्रवाई की, जबकि पूछताछ और जांच के बाद 65 लोगों को छोड़ दिया। इसके अतिरिक्त चार भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया।
