नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर टोल चोरी करने वालों की पहचान के लिए AI आधारित प्रणाली तैयार करने की योजना है।
नेशनल हाईवे पर टोल टैक्स से बचने के लिए नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ करने वाले वाहन चालकों पर सरकार शिकंजा कसने की तैयारी में है। अब नंबर प्लेट के अक्षर छिपाना, प्लेट मोड़ना या उसमें बदलाव करके कैमरों को चकमा देना भारी पड़ सकता है। प्रस्तावित नए नियमों के तहत ऐसे मामलों में सामान्य टोल शुल्क का 4 से 8 गुना तक वसूला जा सकता है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क नियमों में संशोधन करने की तैयारी कर रहा है। यह अतिरिक्त टोल वसूली मोटर वाहन अधिनियम के तहत होने वाले चालान से अलग होगी।
दो तरह से हो सकती है कार्रवाई
नंबर प्लेट से छेड़छाड़ के मामले में पहले से ही मोटर वाहन अधिनियम के तहत जुर्माने का प्रावधान है। पहली बार पकड़े जाने पर 5,000 रुपये और दोबारा उल्लंघन करने पर 10,000 रुपये तक का चालान हो सकता है।
अब सरकार टोल चोरी के लिए अलग से आर्थिक कार्रवाई का प्रावधान जोड़ने पर विचार कर रही है। इसके तहत राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण जैसी एजेंसियों को नियम तोड़ने वाले वाहन से सामान्य टोल शुल्क का 4 से 8 गुना तक वसूलने का अधिकार देने की तैयारी है।
हाईटेक कैमरों से पकड़ी जाएगी गड़बड़ी
प्रस्तावित व्यवस्था में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और उच्च क्षमता वाले कैमरों की मदद ली जाएगी। टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों की तस्वीरें और पंजीकरण नंबर रिकॉर्ड किए जाएंगे। इसके बाद तकनीक की मदद से उन वाहनों की पहचान की जाएगी, जिनकी नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ की गई है।
अधिकारियों के अनुसार, अगले दो महीनों में ऐसी पहचान प्रणाली तैयार करने की योजना है। इससे नंबर प्लेट पर कागज या प्लास्टिक चिपकाने, अक्षर मिटाने और प्लेट को मोड़ने जैसे तरीकों से टोल चोरी करने वालों को पकड़ने में मदद मिलेगी।
बैरियर-लेस टोलिंग में क्यों जरूरी है साफ नंबर प्लेट?
मल्टी लेन फ्री फ्लो व्यवस्था के तहत वाहनों को टोल प्लाजा पर रुकना नहीं पड़ता। कैमरे और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण वाहन की नंबर प्लेट तथा फास्टैग की जानकारी के आधार पर टोल भुगतान की प्रक्रिया पूरी करते हैं।
यदि नंबर प्लेट पढ़ने योग्य नहीं है या उसके साथ छेड़छाड़ की गई है, तो वाहन की पहचान करना मुश्किल हो जाता है। इससे टोल वसूली प्रभावित होती है और व्यवस्था का गलत फायदा उठाने की संभावना बढ़ती है।
वाहन मालिकों के लिए जरूरी सलाह
वाहन चालकों को अपनी गाड़ी की नंबर प्लेट पर कोई ऐसी चीज नहीं लगानी चाहिए जिससे पंजीकरण नंबर पढ़ने में परेशानी हो। नंबर प्लेट निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। साथ ही फास्टैग से जुड़ा वाहन पंजीकरण नंबर भी सही होना चाहिए।
