राहुल गांधी ने सुनाया सातवें जन्मदिन का किस्सा
गांधी परिवार के राजनीतिक जीवन की चर्चा अक्सर होती रही है, लेकिन इस बार राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने अपने बचपन के उन पलों को याद किया है, जिनमें उन्हें राजनीति के कारण अलग तरह की परिस्थितियों का सामना करना पड़ा था। सोनिया गांधी के साथ बातचीत में दोनों ने 1977 के चुनावी नतीजों के बाद स्कूल में मिले व्यवहार और घर के तनावपूर्ण माहौल के बारे में बताया।
इस बातचीत में राहुल गांधी ने अपने सातवें जन्मदिन का ऐसा किस्सा साझा किया, जो उनके बचपन के अकेलेपन को सामने लाता है। उन्होंने बताया कि जन्मदिन की पार्टी में 32 बच्चों को आमंत्रित किया गया था, लेकिन तय समय के बाद भी कोई नहीं पहुंचा। आखिरकार सिर्फ एक दोस्त आया। राहुल के मुताबिक, वह दोस्त आज भी उनके साथ है।
चुनावी हार के बाद घर बदलना पड़ा था
राहुल और प्रियंका ने बताया कि आपातकाल के बाद 1977 में इंदिरा गांधी की चुनावी हार के बाद परिवार के जीवन में काफी बदलाव आया। परिवार को दूसरे घर में जाना पड़ा और घर का माहौल तनाव से भरा हुआ था।
प्रियंका ने उस समय को याद करते हुए बताया कि स्कूल लौटने पर भी परिस्थितियां आसान नहीं थीं। वहां कुछ बच्चों की टिप्पणियों और व्यवहार से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
संजय गांधी पर ताना सुनकर प्रियंका ने मारा थप्पड़
प्रियंका गांधी ने बातचीत के दौरान स्कूल की एक घटना सुनाई। उन्होंने बताया कि एक लड़का उनके पास आया और संजय गांधी के जेल में होने को लेकर ताना मारने लगा। उसने कहा कि उनका चाचा जेल में है और चोर है।
प्रियंका ने बताया कि यह बात सुनकर उन्होंने लड़के को थप्पड़ मार दिया। लड़का रोने लगा और फिर मामला शिक्षक तक पहुंच गया। प्रियंका के मुताबिक, आखिर में शिक्षक ने उन्हें ही डांट लगाई।
यह घटना उस समय की है जब आपातकाल के बाद इंदिरा गांधी और संजय गांधी को 1977 के चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। संजय गांधी उस दौर में ‘किस्सा कुर्सी का’ मामले से जुड़े प्रकरण में जेल में थे।
राहुल ने बताया, स्कूल में कोई पास नहीं बैठता था
राहुल गांधी ने बताया कि स्कूल में वापसी के बाद उन्हें सहपाठियों से पहले जैसा व्यवहार नहीं मिला। उन्होंने याद किया कि स्कूल के पहले दिन कोई भी उनके बगल में नहीं बैठा। बच्चों का रवैया भी उनके प्रति काफी रूखा था।
जन्मदिन की पार्टी का किस्सा सुनाते हुए राहुल ने बताया कि 32 बच्चों को बुलाने के बावजूद शुरुआत में कोई नहीं आया। बाद में एक दोस्त पहुंचा, जो आज तक उनके संपर्क में है। यह याद उनके लिए खास रही।
प्रियंका थीं अनुशासन पसंद, राहुल पूछते थे सवाल
बातचीत में दोनों ने अपने बचपन के स्वभाव की तुलना भी की। प्रियंका ने बताया कि वह स्कूल में प्रीफेक्ट थीं और नियमों के अनुसार चलना पसंद करती थीं। राहुल ने कहा कि वह इसके उलट सवाल पूछने वाले और व्यवस्था को चुनौती देने वाले स्वभाव के थे।
दोनों ने इस अंतर को हल्के-फुल्के अंदाज में आज की राजनीति और संसद से भी जोड़ा। प्रियंका ने कहा कि स्कूल के समय जैसा फर्क था, वैसा ही आज भी दिखाई देता है।
यह वीडियो सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन के बाद साझा किया गया है। इस बातचीत में परिवार की निजी यादों के साथ-साथ उन घटनाओं पर भी चर्चा हुई, जिन्होंने उनके जीवन को प्रभावित किया।
