पुराने परिसीमन बिल से कितना अलग है नया प्रस्ताव? 131वें और 132वें संशोधन की पूरी तुलना
नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर अप्रैल में पेश किए गए पुराने संवैधानिक प्रस्ताव में बड़े बदलाव किए हैं। लोकसभा में 131वां संविधान संशोधन विधेयक पारित नहीं हो पाया था। अब सरकार 132वां संविधान संशोधन विधेयक, 2026 लाने जा रही है। नए प्रस्ताव में राज्यों के बीच सीटों की हिस्सेदारी सुरक्षित रखने के साथ लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाने की योजना है।
दोनों विधेयकों में क्या है अंतर?
131वें और 132वें संविधान संशोधन विधेयक के बीच सबसे बड़ा अंतर राज्यों की सीटों में वृद्धि और परिसीमन के लिए इस्तेमाल होने वाले जनगणना आंकड़ों का है।
| मुद्दा | 131वां संशोधन विधेयक | 132वां संशोधन विधेयक |
|---|---|---|
| सीटों में वृद्धि | समान 50% वृद्धि की स्पष्ट गारंटी नहीं | सभी राज्यों और UTs में 50% समान वृद्धि का प्रस्ताव |
| लोकसभा की अधिकतम सीटें | 850 की स्पष्ट व्यवस्था नहीं | 850 सीटों का प्रस्ताव |
| राज्यों की लोकसभा सीटें | नए आवंटन पर चिंताएं | अधिकतम 815 सीटें |
| जनगणना का आधार | भविष्य की जनगणना से जुड़ी व्यवस्था | नवीनतम प्रकाशित आंकड़े, फिलहाल 2011 |
| परिसीमन के बाद व्यवस्था | नए प्रस्ताव के अनुसार | संशोधित आवंटन 2051 तक लागू रखने का प्रस्ताव |
लोकसभा में 850 सीटें करने की तैयारी
नए प्रस्ताव के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने की योजना है। इसमें 815 सदस्य राज्यों से और 35 सदस्य केंद्र शासित प्रदेशों से हो सकते हैं।
इसके अलावा राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है।
सरकार का कहना है कि सभी राज्यों में समान अनुपात से सीटें बढ़ाने से उनके बीच मौजूदा प्रतिनिधित्व का अनुपात मोटे तौर पर सुरक्षित रखा जा सकेगा।
2011 की जनगणना क्यों है अहम?
परिसीमन के दौरान दो अलग-अलग बातें महत्वपूर्ण होती हैं। पहली, राज्यों के बीच कुल सीटों का आवंटन और दूसरी, किसी राज्य के भीतर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का निर्धारण।
नए प्रस्ताव में राज्यों के बीच सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत समान वृद्धि का प्रावधान है। वहीं निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने के लिए संशोधन लागू होने की तारीख पर उपलब्ध नवीनतम प्रकाशित जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल किया जाएगा।
मौजूदा स्थिति में ये 2011 की जनगणना के आंकड़े हैं।
दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंता दूर करने की कोशिश
तमिलनाडु समेत दक्षिण भारत के कई राज्यों ने पहले आशंका जताई थी कि जनसंख्या आधारित परिसीमन से उनकी लोकसभा सीटों की हिस्सेदारी प्रभावित हो सकती है।
इन राज्यों का तर्क रहा है कि जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने के कारण उन्हें संसदीय प्रतिनिधित्व में नुकसान नहीं होना चाहिए।
नए विधेयक में सभी राज्यों की मौजूदा सीटों में समान 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव इसी चिंता को दूर करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की तैयारी
सरकार का उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना है।
इसके लिए परिसीमन आयोग का गठन किया जाएगा। आयोग निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करेगा और महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों की पहचान करेगा।
आरक्षित सीटों को रोटेशन के आधार पर बदलने का भी प्रावधान प्रस्तावित है। महिला आरक्षण की अवधि 15 साल रखी गई है, जिसे संसद कानून के जरिए आगे बढ़ा सकती है।
अप्रैल में 131वां संशोधन बिल क्यों गिरा था?
17 अप्रैल 2026 को लोकसभा में 131वें संविधान संशोधन विधेयक पर मतदान हुआ था। कुल 298 सांसदों ने इसके पक्ष में और 230 सांसदों ने विरोध में मतदान किया।
संविधान संशोधन के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण यह विधेयक पारित नहीं हो पाया।
अब सरकार नए 132वें संशोधन विधेयक के जरिए परिसीमन और महिला आरक्षण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना चाहती है। संसद के विशेष सत्र में इस पर होने वाली चर्चा और मतदान पर सभी की नजरें रहेंगी।
