CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले अभिजीत दिपके और नेहा बोरा को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया।
दिल्ली में प्रस्तावित CJP Protest से पहले पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। CJP संस्थापक अभिजीत दिपके को हिरासत में लिया गया, जबकि AISA अध्यक्ष नेहा बोरा को भी पुलिस ने डिटेन किया।
बताया जा रहा है कि अभिजीत दिपके सेंट्रल पार्क की ओर जा रहे थे, उसी दौरान उन्हें पुलिस ने एहतियातन हिरासत में लिया। नेहा बोरा को मंडी हाउस इलाके से हिरासत में लिए जाने की जानकारी है।
सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के बाद बढ़ा मामला
CJP से जुड़े सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के बाद अभिजीत दिपके ने कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रदर्शन की घोषणा की थी।
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने पहले से ही इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना शुरू कर दिया था।
दिपके को पुलिस ने पहले ही भेजा था नोटिस
अभिजीत दिपके के घर पहुंचकर दिल्ली पुलिस की ओर से नोटिस दिए जाने की बात सामने आई है। नोटिस में उन्हें सेंट्रल पार्क नहीं आने के लिए कहा गया था।
पुलिस ने इसके पीछे इलाके में लागू प्रतिबंधात्मक प्रावधानों और पहले की कानूनी कार्रवाई का हवाला दिया था।
सेंट्रल दिल्ली में हाई अलर्ट जैसी सुरक्षा
CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर कनॉट प्लेस और सेंट्रल पार्क के आसपास सुरक्षा का घेरा बढ़ा दिया गया है।
पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती के साथ कई प्रमुख जगहों पर बैरिकेडिंग की गई है। राजीव चौक, पटेल चौक, ITO और संसद मार्ग जैसे इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने की जानकारी सामने आई है।
सेंट्रल पार्क और आसपास के इलाकों में CCTV निगरानी भी बढ़ाई गई है।
पुलिस की ओर से वैकल्पिक विकल्प की बात
प्रदर्शन की स्थिति को देखते हुए पुलिस की ओर से कथित तौर पर वैकल्पिक स्थान पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान आयोजित करने की अनुमति पर विचार किए जाने की बात कही गई है।
वहीं NDMC की ओर से सेंट्रल पार्क को बंद रखे जाने की जानकारी भी सामने आई है।
हिरासत के बाद अब प्रदर्शन पर नजर
अभिजीत दिपके और नेहा बोरा की हिरासत के बाद CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर स्थिति बदल गई है। दिल्ली पुलिस की भारी मौजूदगी के बीच सेंट्रल दिल्ली के प्रमुख इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।
