सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद RPF ने गोरेगांव स्टेशन में घटना की जांच की।
मुंबई की लोकल ट्रेन से जुड़ा एक वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में एक युवती ट्रेन के मोटरमैन के केबिन का दरवाजा खोलने का प्रयास करती दिखाई देती है। वह दोनों हाथों से दरवाजे को पकड़कर उसे खोलने की कोशिश कर रही है। इस वीडियो के सामने आने के बाद रेलवे से मामले की जांच करने की मांग की गई।
वीडियो में युवती स्कर्ट और ऊंची हील वाली सैंडल पहने नजर आती है। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने दावा किया कि यह घटना गोरेगांव रेलवे स्टेशन पर हुई थी। वहीं, कुछ यूजर्स ने उसके नशे में होने की बात भी कही। हालांकि, युवती की स्थिति और वीडियो में दिखाई गई घटना की वास्तविक जगह की पुष्टि नहीं हो पाई है।
इंस्टाग्राम पर शिकायत के बाद हरकत में आया RPF
16 नवंबर को इंस्टाग्राम के माध्यम से शिकायत मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल ने मामले की पड़ताल शुरू की। RPF अधिकारियों ने गोरेगांव स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 2 के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी।
जांच के दौरान दोनों प्लेटफॉर्म के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों के फुटेज खंगाले गए। इसके अलावा स्टेशन पर मौजूद रेलवे कर्मचारियों से भी जानकारी ली गई।
CCTV में नहीं मिली घटना की पुष्टि
RPF की एक्शन टेकन रिपोर्ट में बताया गया कि गोरेगांव स्टेशन के संबंधित प्लेटफॉर्मों के सीसीटीवी फुटेज में ऐसी कोई घटना नजर नहीं आई। कर्मचारियों से पूछताछ के बाद भी यह स्पष्ट नहीं हो सका कि वीडियो कहां का है और किन परिस्थितियों में रिकॉर्ड किया गया।
इस तरह सोशल मीडिया पर गोरेगांव स्टेशन को लेकर किए जा रहे दावों की जांच में पुष्टि नहीं हो सकी। युवती के नशे में होने का दावा भी अपुष्ट है।
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने उठाए सुरक्षा से जुड़े सवाल
वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने मोटरमैन के केबिन में अनधिकृत प्रवेश की कोशिश को लेकर चिंता जताई। यूजर्स का कहना था कि इस तरह की गतिविधियां रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और ट्रेन संचालन से जुड़े नियमों के लिहाज से गंभीर हो सकती हैं। कुछ लोगों ने संबंधित युवती के खिलाफ कार्रवाई और जुर्माना लगाने की मांग भी की।
