पंजाब में CBI रेड पर CM भगवंत मान का BJP पर हमला, बोले- 12 घंटे में कुछ नहीं मिला
पंजाब में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पंजाब में करीब 12 घंटे तक चली CBI की तलाशी के बावजूद जांच एजेंसी को कुछ भी नहीं मिला और टीमें खाली हाथ लौट गईं।
सीएम भगवंत मान ने कहा कि इस कार्रवाई को राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ऐसी कार्रवाई से डरने वाली नहीं है और पंजाब सरकार हर जांच का सामना करने के लिए तैयार है।
‘पंजाब की सेवा करने आए हैं, पैसा कमाने नहीं’
भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि CBI की रेड राजनीतिक बौखलाहट का नतीजा है। उन्होंने कहा कि वह राजनीति में पैसा कमाने के लिए नहीं आए हैं, बल्कि पंजाब की सेवा करने के लिए आए हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पंजाबी किसी भी तरह की ‘धक्केशाही’ और अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें और पंजाब सरकार को डराने तथा बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
संगरूर में भी बीजेपी पर साधा निशाना
संगरूर में एक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि न तो वह और न ही उनकी सरकार केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई से पीछे हटने वाली है। उन्होंने कहा कि सरकार जांच एजेंसियों के हर सवाल का जवाब देगी और किसी भी दबाव के सामने नहीं झुकेगी।
सीएम मान ने बीजेपी को लेकर कहा कि पंजाब के लोग धमकियों और दबाव की राजनीति से डरने वाले नहीं हैं।
विधानसभा चुनाव से पहले कार्रवाई पर उठाए सवाल
भगवंत मान ने CBI की कार्रवाई के समय पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले इस तरह की कार्रवाई को राजनीतिक नजरिए से देखा जाना स्वाभाविक है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, यह सिर्फ उन्हें निशाना बनाने की कोशिश नहीं है, बल्कि उनके परिवार और पंजाब सरकार के कामकाज को बदनाम करने का प्रयास भी है।
मुख्यमंत्री ने साफ किया कि उनकी सरकार अपने काम पर फोकस करती रहेगी और किसी भी जांच या कार्रवाई से पीछे नहीं हटेगी।
