प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में 9 और 10 अक्टूबर को शराब की दुकानों को बंद रखने का आदेश।
नई दिल्ली: दिल्ली में 9 और 10 अक्टूबर को शराब की सभी खुदरा दुकानें बंद रहेंगी। दिल्ली आबकारी विभाग ने पुलिस से मिले इनपुट और मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए दो दिन के लिए शराब की बिक्री बंद रखने का आदेश जारी किया है।
आदेश के मुताबिक, L6, L6FG, L8, L10 और L14 लाइसेंस के तहत संचालित सभी संबंधित खुदरा शराब की दुकानें 9 और 10 अक्टूबर को बंद रहेंगी।
प्रदर्शन को देखते हुए लिया गया फैसला
यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) द्वारा प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
संगठन ने चुनाव आयोग में Special Intensive Revision (SIR) को लेकर कथित गड़बड़ियों के विरोध में 10 अक्टूबर से दिल्ली चलो प्रदर्शन का आह्वान किया है।
दिल्ली में बढ़ाई गई सुरक्षा
प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक करीब 11 हजार अतिरिक्त केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) जवान दिल्ली में तैनात किए जा रहे हैं।
इसके बाद राजधानी में केंद्रीय बलों की कुल संख्या करीब 26 हजार हो जाएगी।
Jantar Mantar पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं
दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं दी गई है। पुलिस ने लोगों से किसी भी अनधिकृत सभा का हिस्सा नहीं बनने की अपील की है।
अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियाती कदम और बढ़ा दिए हैं।
दिल्ली की सीमाओं पर भी निगरानी
प्रदर्शनकारियों के संभावित प्रवेश को देखते हुए दिल्ली की सीमाओं पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस को उत्तर प्रदेश से लगी पूर्वी और शाहदरा सीमाओं के अलावा दक्षिण-पश्चिम दिशा से आने वाले रास्तों पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रमुख एंट्री पॉइंट्स पर बैरिकेडिंग की जा रही है।
बसों और PG संचालकों पर भी नजर
पुलिस अधिकारियों ने थानों के SHO को आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा नई दिल्ली जिले की ओर आने वाली बसों की निगरानी और शिक्षण संस्थानों तथा PG संचालकों से संपर्क करने को कहा गया है।
पुलिस के मुताबिक प्रदर्शनकारियों को नई दिल्ली जिले में कहीं भी बैठकर प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
