मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ में HUNAR Punjab और Fast-Track Punjab पोर्टल लॉन्च किए।
पंजाब में निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गुरुवार को HUNAR Punjab और Fast-Track Punjab पोर्टल लॉन्च किए। सरकार का दावा है कि इन डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए उद्योगों को कुशल युवा उपलब्ध कराने और निवेशकों को सरकारी मंजूरियां तथा वित्तीय प्रोत्साहन की जानकारी एक ही जगह उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब को निवेशकों के लिए देश के सबसे बेहतर राज्यों में शामिल करने के उद्देश्य से प्रशासनिक प्रक्रियाओं को आसान और पारदर्शी बनाया जा रहा है। Fast-Track Punjab Portal के जरिए निवेशकों को जरूरी मंजूरियां सिंगल विंडो सिस्टम के तहत उपलब्ध कराने का लक्ष्य है और आवेदन के बाद 45 दिनों के भीतर approvals देने की व्यवस्था की गई है।
युवाओं और उद्योगों के बीच बनेगा सीधा कनेक्शन
सरकार के मुताबिक HUNAR Punjab Portal का मुख्य उद्देश्य पंजाब के युवाओं को राज्य में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए कंपनियां सीधे skilled youth की तलाश कर उन्हें नौकरी दे सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पोर्टल पर पहले ही करीब 1,750 संस्थान रजिस्टर हो चुके हैं। इसके जरिए Institute Discovery, Hiring & Placements, Internship & Industrial Training और Industry-Institute Collaboration जैसे मॉड्यूल काम करेंगे।
निवेशकों को मिलेगी Incentives की जानकारी
Fast-Track Punjab के Financial Incentives Module यानी Passbook के जरिए निवेशक अपने लिए उपलब्ध सरकारी incentives की जानकारी और उनकी स्थिति को पारदर्शी तरीके से देख सकेंगे।
सरकार का कहना है कि इससे निवेशकों को अलग-अलग सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी और आवेदन प्रक्रिया में जवाबदेही बढ़ेगी।
₹1.89 लाख करोड़ के निवेश का दावा
भगवंत मान ने कहा कि 2022 से अब तक पंजाब में करीब ₹1.89 लाख करोड़ का निवेश आया है, जिससे 6.31 लाख रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पंजाब के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाने से रोकना और उन्हें अपने ही राज्य में बेहतर अवसर देना है।
पुरानी सरकारों पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले Investment Summits आयोजित किए जाते थे और MoUs साइन होते थे, लेकिन वास्तव में कंपनियां पंजाब में निवेश नहीं करती थीं। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार की investor-friendly policies के कारण अब कंपनियां पंजाब में निवेश के लिए आगे आ रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि HUNAR Punjab और Fast-Track Punjab राज्य में निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
