हरपाल सिंह चीमा ने 180 ETT TET पास शिक्षकों को वेतन समानता से जुड़े सरकारी आदेश सौंपे
पंजाब की भगवंत मान सरकार ने 180 ETT TET पास शिक्षकों की वेतन समानता से जुड़ी मांग पर बड़ा फैसला लिया है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने शिक्षक यूनियन के प्रतिनिधियों को सरकारी आदेशों की प्रति सौंपते हुए इस मामले के समाधान की जानकारी दी।
चंडीगढ़ में हुई बैठक के दौरान हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि शिक्षा विभाग ने 180 ETT TET पास शिक्षक यूनियन की वेतन समानता और अन्य सेवा संबंधी मामलों के संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
स्कूल शिक्षा निदेशालय (प्राथमिक) की ओर से जारी आदेशों में वित्त विभाग के निर्देशों और संबंधित न्यायिक फैसलों के अनुसार वेतन निर्धारण को मंजूरी दी गई है।
2016 से जुड़े मामलों की भी होगी जांच
वेतन और नियुक्ति से जुड़े वर्ष 2016 से लंबित वित्तीय लाभों की जांच के लिए एक पूर्व अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि कर्मचारियों और शिक्षकों की जायज मांगों के समाधान के लिए कैबिनेट सब-कमेटी सक्रिय रूप से काम कर रही है।
भर्ती और खाली पदों पर भी चर्चा
बैठक में कई शिक्षक संगठनों ने शिक्षा विभाग में खाली पदों को भरने और लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को पूरा करने की मांग रखी।
ईटीटी TET पास बेरोजगार शिक्षक यूनियन ने ETT कैडर के खाली पदों का विज्ञापन जारी कर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। वहीं B.Ed TET पास बेरोजगार शिक्षक यूनियन ने भर्ती प्रक्रिया और लंबित कैडर संबंधी मामलों के समाधान की मांग रखी।
विशेष शिक्षक मोर्चा ने खाली पदों को भरने के लिए भर्ती अभियान पूरा करने की मांग की।
शिक्षकों की अन्य मांगों पर भी चर्चा
विशेष कैडर शिक्षक मोर्चा ने संविदा और विशेष कैडर के शिक्षकों के लिए नियमित वेतनमान, सेवा नियम, छुट्टी और पदोन्नति से जुड़े लाभ देने की मांग रखी।
ETT 2364 बेरोजगार शिक्षक यूनियन ने बाकी प्रतीक्षा सूचियां जारी करने और चयनित उम्मीदवारों को स्टेशन आवंटन अथवा ट्रांसफर का अवसर देने की मांग की।
वहीं NSQF व्यावसायिक शिक्षक मोर्चा ने व्यावसायिक शिक्षकों को निजी कंपनियों के ठेकों से हटाकर सीधे शिक्षा विभाग के अधीन लाने की मांग उठाई।
अन्य भर्ती मुद्दे भी उठे
बेरोजगार लाइब्रेरियन मोर्चा ने सरकारी स्कूलों में खाली लाइब्रेरियन पदों पर भर्ती की मांग की। लेक्चरर भर्ती पंजाब के प्रतिनिधियों ने भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के लिए बचे पांच विषयों की परीक्षाओं की तारीख घोषित करने की मांग की।
ETT TET पास 5994 बैकलॉग शिक्षक यूनियन ने बाकी उम्मीदवारों को जल्द नियुक्ति पत्र देने और लंबित बैकलॉग पदों को भरने की मांग रखी।
