चंडीगढ़ में नशे के खिलाफ प्रदर्शन करते ABVP के छात्र
चंडीगढ़: पंजाब में नशे का मुद्दा एक बार फिर सियासी बहस के केंद्र में है। इसी बीच भाजपा की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने नशे के खिलाफ चंडीगढ़ में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए और पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने पंजाब को नशामुक्त बनाने की मांग करते हुए सरकार से इस मुद्दे पर सख्त कदम उठाने की अपील की। इस दौरान छात्रों ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन के दौरान ‘We want नशा मुक्त पंजाब’, ‘नशे का कारोबार बंद करो’ और ‘पंजाब पुलिस मुर्दाबाद’ जैसे संदेश लिखे पोस्टर दिखाई दिए। कुछ पोस्टरों में मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर भी नारे लिखे गए थे।
छात्रों ने सरकार से मांगा जवाब
ABVP कार्यकर्ताओं और प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने पंजाब में नशे के बढ़ते प्रभाव को लेकर चिंता जताई। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से नशे की समस्या पर जवाबदेही तय करने और इसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए गए।
कई छात्रों को पुलिस ने लिया हिरासत में
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय और चर्चा में आ गई, जब पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारी छात्रों को हिरासत में लिया। हालांकि, हिरासत में लिए गए छात्रों की सटीक संख्या और उन्हें किस आधार पर हिरासत में लिया गया, इसकी आधिकारिक जानकारी अलग से स्पष्ट होना बाकी है।
पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले नशे का मुद्दा राजनीतिक तौर पर भी अहम बना हुआ है। ऐसे में ABVP के इस प्रदर्शन को चुनावी माहौल के बीच युवाओं से जुड़े मुद्दे के रूप में देखा जा रहा है।
