दिलजीत दोसांझ के 30 अक्टूबर दिल्ली कॉन्सर्ट को पुलिस की मंजूरी नहीं मिलने की खबर
पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ के फैंस के लिए एक बड़ा अपडेट सामने आया है। 30 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाला उनका कॉन्सर्ट फिलहाल संकट में पड़ गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की ओर से इस शो को मंजूरी नहीं मिली है।
दिलजीत दोसांझ का ‘Aura India Tour Delhi’ पहले 1 नवंबर को आयोजित होने वाला था। बाद में तारीख बदलकर 30 अक्टूबर की गई थी। लेकिन अब पुलिस की अनुमति नहीं मिलने के बाद शो के आयोजन पर सवाल खड़े हो गए हैं।
क्यों नहीं मिली कॉन्सर्ट को मंजूरी?
‘हिंदुस्तान टाइम्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त कार्यालय की ओर से BookMyShow को भेजे गए पत्र में आयोजन की अनुमति से जुड़ी जानकारी दी गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने सुरक्षा से जुड़े विशिष्ट खतरे के इनपुट, त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़ी अन्य जिम्मेदारियों का हवाला देते हुए 30 अक्टूबर को JLN स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित करने के अनुरोध को स्वीकार नहीं किया।
पहले 1 नवंबर को होना था शो
दिलजीत दोसांझ का दिल्ली कॉन्सर्ट पहले 1 नवंबर को प्रस्तावित था। 1984 के सिख-विरोधी दंगों की बरसी से जुड़ी संवेदनशीलता को देखते हुए कार्यक्रम की तारीख 30 अक्टूबर किए जाने की जानकारी सामने आई थी।
अब पुलिस की अनुमति नहीं मिलने से दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट के पोस्टपोन होने की संभावना बढ़ गई है।
Aura India Tour में और कहां करेंगे दिलजीत परफॉर्म?
दिलजीत दोसांझ का Aura India Tour 2026 दिल्ली के अलावा देश के कई शहरों में होने वाला है। मौजूदा कार्यक्रम के अनुसार उनकी आगे की तारीखें इस प्रकार हैं:
- 15 नवंबर — इंदौर, C21 Estate
- 21 नवंबर — अहमदाबाद, नरेंद्र मोदी स्टेडियम
- 27 नवंबर — मुंबई, महालक्ष्मी रेसकोर्स
- 29 नवंबर — बेंगलुरु, NICE Grounds
- 5 दिसंबर — चंडीगढ़, वेन्यू TBA
दिल्ली शो को लेकर अब फैंस की नजर आयोजकों की अगली आधिकारिक घोषणा पर है।
