अरुणाचल प्रदेश LAC पर भारत और चीन के सैनिकों के बीच तनाव की स्थिति
भारत-चीन सीमा से एक बार फिर अहम खबर सामने आई है। अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण रेखा यानी LAC के कुछ हिस्सों में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच आमने-सामने की स्थिति बनी हुई है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच भारत ने सीमा पर अपनी तैयारियों को और मजबूत करने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं।
ITBP के महानिदेशक शत्रुजीत सिंह कपूर ने हाल ही में जवानों को संबोधित करते हुए अरुणाचल प्रदेश में सामने आई इन परिस्थितियों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर चीनी PLA सैनिकों के साथ आमना-सामना हुआ है और कुछ परिस्थितियां अभी भी बनी हुई हैं।
‘शौर्य कमांडो’ ने संभाला मोर्चा
सीमा पर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच ITBP की ‘शौर्य कमांडो’ टीमों को महत्वपूर्ण भूमिका दी जा रही है। ITBP प्रमुख ने इन टीमों के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी क्षमता का बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
ITBP अब कमांडो क्षमता को और विस्तार देने की तैयारी में है। मौजूदा टीमों के अलावा दो और टीमों को तैयार किया जा रहा है।
आने वाले समय में प्रत्येक ITBP बटालियन में एक पूर्ण कमांडो कंपनी बनाने की योजना है। इसके साथ ही केवल कमांडो ऑपरेशन के लिए एक अलग बटालियन बनाने पर भी काम चल रहा है।
सीमा सुरक्षा में अब ड्रोन बनेगा बड़ा हथियार
आधुनिक युद्ध में ड्रोन की बढ़ती भूमिका को देखते हुए ITBP भी अपनी रणनीति बदल रही है।
बल की योजना प्रत्येक प्लाटून में ड्रोन यूनिट तैयार करने की है। इसके लिए ड्रोन ऑपरेटरों को प्रशिक्षित किया जा रहा है और अपने स्तर पर ड्रोन तैयार करने की क्षमता बढ़ाने पर भी काम हो रहा है।
दुश्मन के ड्रोन से निपटने के लिए एंटी-ड्रोन सिस्टम को भी आधुनिकीकरण योजना में शामिल किया जा रहा है।
चीन की सैन्य तैयारी पर ITBP की नजर
ITBP DG ने चीन की PLA में किए गए बड़े निवेश और उसकी सैन्य एवं तकनीकी क्षमताओं का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक आधुनिक युद्ध का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और तकनीक अब युद्ध की दिशा प्रभावित करने वाला महत्वपूर्ण factor बन चुकी है।
इसी संदर्भ में उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध का उदाहरण दिया, जहां ड्रोन और अन्य आधुनिक तकनीकों ने युद्ध के पारंपरिक तरीकों को काफी प्रभावित किया है।
ITBP को मिलेंगे आधुनिक वाहन और उपकरण
ITBP आने वाले वर्षों में अपने जवानों को आधुनिक संसाधनों से लैस करने की तैयारी में है। आधुनिकीकरण के तहत ऐसे वाहन और उपकरण शामिल किए जा रहे हैं, जो कठिन पहाड़ी और सीमावर्ती इलाकों में तेजी से काम कर सकें।
इनमें ऑटोनॉमस ग्राउंड व्हीकल, क्विक रिएक्शन व्हीकल और ऑल-टेरेन वाहन शामिल हैं।
गोला-बारूद और अन्य सैन्य उपकरणों को भी आधुनिक बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है।
LAC पर विवाद की बड़ी वजह क्या है?
भारत और चीन के बीच LAC की स्थिति को लेकर दोनों देशों की अपनी-अलग धारणाएं हैं। कई इलाकों में यही अंतर पेट्रोलिंग के दौरान आमने-सामने की स्थिति का कारण बनता है।
इसी वजह से दोनों देशों के बीच सैन्य स्तर पर बातचीत और सीमा प्रबंधन तंत्र लगातार महत्वपूर्ण बना हुआ है। सीमा पर किसी भी तनावपूर्ण स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दोनों पक्षों के बीच स्थापित बातचीत के माध्यमों का इस्तेमाल किया जाता रहा है।
