विदेशी हैंडलर्स से जुड़े 8 आरोपी गिरफ्तार, 11 पिस्तौल बरामद
पंजाब में अवैध हथियारों की सप्लाई और नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में आठ लोगों को गिरफ्तार कर 11 पिस्तौल और 2.293 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस जांच में आरोपियों के विदेशी हैंडलर्स के संपर्क में होने की बात सामने आई है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में थे। आरोप है कि ये हैंडलर्स अवैध हथियारों की सप्लाई करवाते थे, जिन्हें आगे आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों तक पहुंचाया जाना था।
तीन कार्रवाइयों में पुलिस को मिली सफलता
अमृतसर के पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पुलिस ने अलग-अलग सूचनाओं के आधार पर तीन ऑपरेशन चलाए। पहली कार्रवाई में छेहरटा थाना क्षेत्र से करनदीप सिंह उर्फ बब्बू को गिरफ्तार कर दो पिस्तौल बरामद किए गए।
दूसरे ऑपरेशन में करण सिंह उर्फ वंश, अंगराज सिंह उर्फ शैंकी, मनप्रीत सिंह उर्फ करण, राहुल उर्फ शानी, कपिल उर्फ पापल और निखिल गिल उर्फ साप को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से सात पिस्तौल बरामद हुए।
तीसरी कार्रवाई में करनदीप सिंह उर्फ करण को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से दो पिस्तौल के अलावा 2.293 किलोग्राम हेरोइन बरामद की।
ग्लॉक और बेरेटा समेत कई पिस्तौल बरामद
पुलिस के अनुसार, बरामद हथियारों में तीन 9 एमएम ग्लॉक, दो .30 बोर स्टार, एक .30 बोर बेरेटा, एक .30 बोर पीएक्स-5, तीन अन्य .30 बोर और एक देसी .32 बोर पिस्तौल शामिल हैं। इसके साथ चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आठ आरोपियों में से अंगराज सिंह, कपिल और निखिल गिल का आपराधिक रिकॉर्ड बताया गया है। इनके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।
नेटवर्क की दूसरी कड़ियों की तलाश में पुलिस
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के लिए जांच कर रही है। जांच का उद्देश्य हथियारों की सप्लाई के स्रोत और आगे उनके वितरण से जुड़े लोगों तक पहुंचना है।
इस मामले में छेहरटा और अमृतसर के ए-डिवीजन थाने में आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस के मुताबिक, विदेशी हैंडलर्स से कथित संपर्क और नेटवर्क की अन्य कड़ियों की जांच अभी जारी है।
