स्वयंसेवकों ने व्हेल को गहरे समुद्र में सुरक्षित वापस छोड़ दिया।
गोवा के मांड्रेम बीच पर रविवार को उस समय लोगों की भीड़ जुट गई, जब समुद्र की लहरों के साथ एक व्हेल बहकर किनारे पर आ गई। समुद्री जीव को इस हालत में देखकर दृष्टि लाइफसेवर ग्रुप के स्वयंसेवकों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। टीम की कोशिशों के बाद व्हेल को सुरक्षित गहरे समुद्र में वापस छोड़ दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, व्हेल रविवार दोपहर मांड्रेम बीच पर मिली थी। उसे किनारे पर देखकर वॉटर रेस्क्यू सेवा से जुड़े स्वयंसेवक तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देर किए समुद्री जीव को सुरक्षित रखने और वापस पानी में पहुंचाने की कोशिशें शुरू कर दीं।
कपड़े में लपेटकर समुद्र की ओर ले गए स्वयंसेवक
बचाव अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने व्हेल को बड़े कपड़ों की मदद से संभाला और धीरे-धीरे समुद्र की ओर खींचा। इस दौरान उसके शरीर पर पानी भी डाला गया, ताकि उसे सुरक्षित रखा जा सके।
बचाव दल ने सावधानी से व्हेल को गहरे पानी तक पहुंचाया। इसके बाद उसे समुद्र में छोड़ दिया गया। वायरल वीडियो में बचावकर्मी नाव के जरिए व्हेल को पानी में ले जाते दिखाई दे रहे हैं। कुछ ही देर बाद व्हेल तैरते हुए दूर समुद्र की ओर चली गई।
समुद्री जीवों को बचाने के लिए प्रशिक्षित है टीम
दृष्टि लाइफसेवर ग्रुप के स्वयंसेवकों को समुद्री स्तनधारी जीवों को संभालने और बचाव कार्य करने का प्रशिक्षण दिया गया है। इसी अनुभव की मदद से टीम ने समय रहते व्हेल को समुद्र में वापस पहुंचाया।
मुंबई में नहीं बच पाया था व्हेल का बच्चा
यह घटना कुछ महीने पहले मुंबई के बांद्रा तट पर हुई एक घटना की याद भी दिलाती है। वहां करीब 26 फुट लंबी हंपबैक व्हेल का बच्चा चट्टानी किनारे पर बहकर आ गया था।
शुरुआती संकेतों से उसके जीवित होने की संभावना दिखाई दी थी, जिसके बाद अधिकारियों ने बचाव अभियान शुरू किया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद उस व्हेल के बच्चे को बचाया नहीं जा सका था।
गोवा में हुई ताजा घटना में स्वयंसेवकों की कोशिशें सफल रहीं और व्हेल को वापस समुद्र में छोड़ दिया गया। बचाव अभियान के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
