जनवरी 2027 में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होने की संभावना।
पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं। राजनीतिक दलों के साथ चुनाव आयोग और सरकारी मशीनरी भी चुनावी प्रक्रिया को लेकर सक्रिय नजर आ रही है। संभावित कार्यक्रम के अनुसार, जनवरी 2027 के पहले सप्ताह में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है। वहीं, फरवरी के अंतिम सप्ताह या मार्च की शुरुआत में मतदान कराए जाने की संभावना जताई जा रही है।
चुनाव आयोग की गतिविधियों से संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले कुछ महीनों में पंजाब समेत पांच राज्यों में चुनावी प्रक्रिया तेज हो जाएगी। कार्यक्रम घोषित करने से पहले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और अन्य चुनाव आयुक्तों के नवंबर के अंतिम सप्ताह या दिसंबर में चुनावी राज्यों का दौरा करने की संभावना है।
चुनाव आयोग पहले ही कर चुका है तैयारियों की समीक्षा
पंजाब में चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए वरिष्ठ चुनाव अधिकारियों की टीम 27 और 28 अक्टूबर को राज्य का दौरा कर चुकी है। इस दौरान जिलों में मतदान कराने की तैयारियों, प्रशासनिक व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी इंतजामों की समीक्षा की गई थी।
अब मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों के संभावित दौरे को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें हो सकती हैं। इसके अलावा मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और जिला स्तर के अधिकारियों से भी चुनावी व्यवस्था को लेकर चर्चा की जा सकती है।
मतदान केंद्रों से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक होगी जांच
चुनाव आयोग की टीम निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए कई अहम व्यवस्थाओं का जायजा ले सकती है। इनमें मतदान केंद्रों की स्थिति, ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की उपलब्धता तथा चुनाव कर्मचारियों के प्रशिक्षण की समीक्षा शामिल हो सकती है।
इसके साथ ही संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान, पुलिस बल की तैनाती और चुनाव के दौरान नकदी व नशे के इस्तेमाल पर रोक लगाने के इंतजामों पर भी चर्चा होने की संभावना है। राजनीतिक दलों से चुनाव प्रक्रिया से संबंधित सुझाव और शिकायतें भी सुनी जा सकती हैं।
पांच राज्यों में होने हैं विधानसभा चुनाव
साल 2027 में पंजाब के अलावा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग इन सभी राज्यों की तैयारियों का आकलन कर रहा है। अधिकारियों की समीक्षा और चुनाव आयुक्तों के दौरों के बाद चुनाव कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा सकता है।
16 मार्च 2027 को खत्म होगा विधानसभा का कार्यकाल
पंजाब की मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 16 मार्च 2027 को समाप्त हो रहा है। राज्य में कुल 117 विधानसभा सीटें हैं, जिन पर अगली सरकार के गठन के लिए मतदान कराया जाएगा।
फिलहाल जनवरी के पहले सप्ताह में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा और फरवरी के आखिरी सप्ताह या मार्च की शुरुआत में मतदान होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, चुनाव की तारीखों को लेकर अंतिम फैसला चुनाव आयोग की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।
