इलेक्ट्रिकल ट्रेड में देशभर में प्रथम स्थान हासिल करने पर जसप्रीत कौर और उनके इंस्ट्रक्टर को नकद पुरस्कार देने की घोषणा।
तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में पंजाब के लिए गर्व की खबर सामने आई है। मानसा स्थित सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की छात्रा जसप्रीत कौर ने इलेक्ट्रिकल ट्रेड में देशभर में प्रथम स्थान हासिल करके अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इस उपलब्धि को देखते हुए पंजाब सरकार ने छात्रा के साथ उसके इंस्ट्रक्टर को भी नकद पुरस्कार देने का ऐलान किया है।
पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने जसप्रीत कौर और उसके इंस्ट्रक्टर गुरबिंदर सिंह को 25-25 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्रा की कड़ी मेहनत, समर्पण और सही मार्गदर्शन का परिणाम है।
जसप्रीत की सफलता से बढ़ा पंजाब का मान
हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि पंजाब की बेटी द्वारा इलेक्ट्रिकल ट्रेड में राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल करना पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि जसप्रीत की उपलब्धि से दूसरे विद्यार्थियों को भी तकनीकी शिक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
मंत्री ने छात्रा के परिवार, संस्थान के प्रिंसिपल और सभी प्रशिक्षकों को भी इस सफलता के लिए बधाई दी।
सरकार ने छात्रा और मार्गदर्शक दोनों को किया प्रोत्साहित
इस उपलब्धि पर घोषित पुरस्कार के तहत जसप्रीत कौर को 25 हजार रुपये और उसके इंस्ट्रक्टर गुरबिंदर सिंह को 25 हजार रुपये मिलेंगे।
हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि इस तरह के पुरस्कारों का मकसद विद्यार्थियों में उत्कृष्टता की भावना विकसित करना और शिक्षकों को बेहतर मार्गदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है।
ITI में आधुनिक सुविधाओं पर काम कर रही मान सरकार
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को आधुनिक बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। संस्थानों में बेहतर बुनियादी ढांचा, समर्पित मार्गदर्शन और उद्योगों की जरूरत के अनुसार पाठ्यक्रम विकसित किए जा रहे हैं।
इसका उद्देश्य युवाओं को केवल शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार और भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए भी तैयार करना है।
विभाग ने भी जसप्रीत की उपलब्धि को बताया गौरवपूर्ण
तकनीकी शिक्षा एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विकास प्रताप ने कहा कि जसप्रीत कौर की सफलता पूरे विभाग के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पंजाब के युवाओं को अपने कौशल को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने के लिए बेहतर अवसर और मंच मिलें।
हरजोत सिंह बैंस ने प्रदेश के ITI प्रिंसिपलों से विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने और युवाओं से मेहनत के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने की अपील की।
