अमृतसर ग्रामीण पुलिस द्वारा सात आरोपियों की गिरफ्तारी और हेरोइन हैंड ग्रेनेड व पिस्तौल की बरामदगी
पंजाब पुलिस के अनुसार अमृतसर ग्रामीण क्षेत्र में नशे और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दो अलग-अलग कार्रवाइयों में तीन नाबालिगों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों से 3.4 किलोग्राम हेरोइन, एक हैंड ग्रेनेड, दो .30 बोर पिस्तौल और 29 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। इसके अलावा एक बिना पंजीकरण वाली हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि शुरुआती जांच में गिरफ्तार आरोपियों के कथित तौर पर विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार आरोपी हथियारों की आगे सप्लाई में शामिल थे।
मानावाला में पहली कार्रवाई
आईजीपी बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर के मुताबिक अमृतसर ग्रामीण पुलिस को सूचना मिली थी कि अजय नाम का एक संदिग्ध सीमा पार से ड्रोन के जरिए गिराई गई नशीले पदार्थों और हथियारों की खेप हासिल कर आगे पहुंचाने की कोशिश कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने केंद्रीय एजेंसी के साथ मिलकर मानावाला क्षेत्र में नाकाबंदी की। इस दौरान मोटरसाइकिल पर जा रहे अजय और रॉबिन मसीह को पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान बैग से करीब 3.4 किलो हेरोइन, एक .30 बोर पिस्तौल और 19 कारतूस बरामद हुए।
दूसरी कार्रवाई में हैंड ग्रेनेड बरामद
दूसरी कार्रवाई में CIA और थाना लोपोके की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक सीमा पार से हथियार और विस्फोटक स्थानीय युवाओं के जरिए आगे भेजे जा रहे थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन 17 वर्षीय नाबालिगों सहित गुरलाल सिंह और रशपाल सिंह को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से पुलिस ने एक जिंदा हैंड ग्रेनेड, एक .30 बोर पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया।
अजय के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज
अमृतसर ग्रामीण के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल के मुताबिक अजय के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट के तहत चार और आर्म्स एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है।
पुलिस ने दोनों कार्रवाइयों के संबंध में अलग-अलग FIR दर्ज की हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क के आगे और पीछे जुड़े लोगों की पहचान करने के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।
