भगवंत मान के दिल्ली एयरपोर्ट विवाद में 50 हजार रुपये के चालान और तीन घंटे रोके जाने को लेकर AAP का बयान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के दिल्ली एयरपोर्ट से जुड़े एक मामले को लेकर पंजाब की सियासत में हलचल बढ़ गई है। आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि पेरिस से लौटने के बाद भगवंत मान को दिल्ली एयरपोर्ट पर करीब तीन घंटे तक रोका गया और बाद में उनका ₹50,000 का चालान काटा गया।
AAP पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पन्नू का आरोप है कि मुख्यमंत्री को एयरपोर्ट पर रोकने के लिए सामान की जांच और सामान आने का कारण बताया गया, लेकिन बाद में अधिकारियों ने कथित तौर पर ‘ऊपर से दबाव’ होने की बात कही।
भगवंत मान के एयरपोर्ट पर रुकने को लेकर क्या कहा गया?
AAP के मुताबिक, पेरिस से लौटने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे थे। पार्टी का दावा है कि उन्हें करीब तीन घंटे तक बाहर निकलने नहीं दिया गया।
पन्नू ने आरोप लगाया कि जब मुख्यमंत्री को जाने की अनुमति मिली और उनका सामान गाड़ी में रखा जा रहा था, उसी दौरान अधिकारी वापस पहुंचे और ₹50,000 के चालान की जानकारी दी।
AAP नेता ने सवाल उठाया कि किसी राज्य के मुख्यमंत्री को एयरपोर्ट पर इतनी देर तक रोकने और फिर इतनी बड़ी रकम का चालान काटने के पीछे क्या वजह थी।
पेरिस दौरे को लेकर भी विवाद
भगवंत मान का पेरिस दौरा भी AAP के बयान में प्रमुख मुद्दा रहा। पार्टी के अनुसार मुख्यमंत्री वहां एक बड़े फूड फेस्टिवल में पंजाब के उत्पादों को प्रमोट करने पहुंचे थे।
बलतेज पन्नू ने दावा किया कि मुख्यमंत्री के विदेश दौरे से पहले भी कई बार अनुमति से जुड़ी अड़चनें आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पंजाब के निवेश और विकास से जुड़े प्रयासों में बाधा पैदा कर रही है।
AAP ने केंद्र पर लगाया पंजाब विरोधी होने का आरोप
बलतेज पन्नू ने केंद्र सरकार पर पंजाब के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए किसान आंदोलन, फंड और मुख्यमंत्री की विदेश यात्राओं से जुड़े मुद्दे भी उठाए।
उन्होंने कहा कि भगवंत मान के साथ कथित तौर पर किया गया व्यवहार केवल मुख्यमंत्री का नहीं बल्कि पंजाब और पंजाबियत का अपमान है।
