कांग्रेस को 2025-26 में 130.7 करोड़ रुपये का योगदान मिला।
ली। कांग्रेस पार्टी को वित्त वर्ष 2025-26 में मिलने वाले चंदे में भारी गिरावट दर्ज की गई है। पार्टी को इस दौरान 20 हजार रुपये से अधिक के कुल 130.7 करोड़ रुपये का योगदान मिला, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह रकम 517.4 करोड़ रुपये थी। इस तरह एक साल के भीतर कांग्रेस के चंदे में करीब 75 प्रतिशत की कमी आई है। पिछले तीन वर्षों में यह पार्टी को मिला सबसे कम चंदा बताया जा रहा है।
चुनाव आयोग को सौंपी गई कांग्रेस की योगदान रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले वित्त वर्ष की तुलना में पार्टी को मिलने वाले बड़े योगदान में काफी कमी आई है। लोकसभा चुनाव वाले वर्ष 2024-25 में कांग्रेस को चंदे के रूप में बड़ी रकम मिली थी, लेकिन 2025-26 में यह आंकड़ा तेजी से नीचे आ गया।
प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट के योगदान में भी बड़ी कमी
कांग्रेस को मिले कुल चंदे में प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट की हिस्सेदारी इस बार 19 प्रतिशत रही। वित्त वर्ष 2024-25 में इसी ट्रस्ट का योगदान कांग्रेस के कुल चंदे का 41.8 प्रतिशत था। इस बार ट्रस्ट ने पार्टी को 25 करोड़ रुपये दिए, जबकि पिछले साल यह रकम 216 करोड़ रुपये थी।
रिपोर्ट के अनुसार, प्रूडेंट ही एकमात्र इलेक्टोरल ट्रस्ट रहा, जिसके माध्यम से मुख्य रूप से कॉरपोरेट चंदा कांग्रेस तक पहुंचा। पिछले साल के मुकाबले इस ट्रस्ट से मिलने वाली राशि में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है।
2023-24 के मुकाबले भी कम हुआ चंदा
वित्त वर्ष 2024-25 लोकसभा चुनाव का साल था। ऐसे में उस अवधि में कांग्रेस को मिलने वाले चंदे में 84 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज होना चुनावी गतिविधियों के लिहाज से अहम माना गया। हालांकि, 2025-26 में पार्टी को मिले 130.7 करोड़ रुपये का योगदान वित्त वर्ष 2023-24 के मुकाबले भी करीब 53 प्रतिशत कम रहा।
यह गिरावट ऐसे समय में सामने आई, जब 2025-26 के दौरान बिहार विधानसभा चुनाव हुए और अप्रैल 2026 में असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल तथा पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियां चल रही थीं।
इन प्रमुख योगदानकर्ताओं ने दिया चंदा
कांग्रेस को चंदा देने वालों में प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट के अलावा कई कंपनियों और व्यक्तियों के नाम भी शामिल हैं। प्रमुख योगदानकर्ताओं में स्टार सीमेंट लिमिटेड ने 5 करोड़ रुपये, सज्जन भजनका ने 4 करोड़ रुपये और अफनान कंस्ट्रक्शंस ने 3 करोड़ रुपये का योगदान दिया।
इसके अलावा प्रेम कुमार भजनका ने 2 करोड़ रुपये दिए, जबकि इप्सम प्रोएडवाइजर्स और एसएमएस बिल्डर्स की ओर से एक-एक करोड़ रुपये का योगदान किया गया।
सिर्फ नौ बड़े योगदानों से आए 43 करोड़ रुपये
रिपोर्ट के अनुसार, एक करोड़ रुपये या उससे अधिक के केवल नौ योगदानों से कांग्रेस को कुल 43 करोड़ रुपये मिले। यह पार्टी को मिले कुल चंदे का लगभग एक-तिहाई हिस्सा है।
वहीं, पांच लाख रुपये या उससे कम राशि वाले 1,321 योगदानों से कुल 37.2 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। इन आंकड़ों से पता चलता है कि पार्टी को मिलने वाले कुल चंदे में बड़े योगदानकर्ताओं की महत्वपूर्ण हिस्सेदारी रही।
