3 दिसंबर से शुरू होगा फुलेरा की राजनीति का नया अध्याय।
फुलेरा गांव की राजनीति और वहां के मजेदार किरदार एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने लौट रहे हैं। ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन की रिलीज डेट सामने आ गई है। प्राइम वीडियो ने बुधवार को घोषणा की कि नया सीजन 3 दिसंबर 2026 से स्ट्रीम किया जाएगा। इस बार कहानी में सत्ता परिवर्तन के बाद गांव का माहौल बदला हुआ नजर आएगा।
चौथे सीजन के अंत में क्रांति देवी ने प्रधान पद का चुनाव जीतकर मंजू देवी की जगह ले ली थी। अब उनके पति भूषण शर्मा यानी बनराकस नए प्रधानपति के रूप में गांव की राजनीति में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश करेंगे। ऐसे में सचिवजी और बनराकस के बीच टकराव की गुंजाइश बढ़ गई है।
बनराकस की नई भूमिका से बदलेगा फुलेरा का माहौल
‘पंचायत’ के पांचवें सीजन में सबसे बड़ा बदलाव गांव की सत्ता में दिखाई देगा। क्रांति देवी के प्रधान बनने के बाद बनराकस का प्रभाव बढ़ना तय है। दर्शक देखना चाहेंगे कि वह अपनी नई भूमिका में किस तरह के फैसले लेता है और गांव के लोगों के सामने किए गए वादों को कितना पूरा कर पाता है।
दूसरी ओर, पंचायत सचिव अभिषेक त्रिपाठी के सामने नए नेतृत्व के साथ काम करने की चुनौती होगी। जारी किए गए कथासार के अनुसार, अभिषेक एमबीए करने की अपनी योजना पर भी ध्यान देना चाहता है, लेकिन फुलेरा में उसके कुछ अधूरे मामले अभी बाकी हैं। यही परिस्थितियां कहानी को आगे बढ़ाएंगी।
पुराने कलाकारों की टोली फिर जुटेगी
सीरीज में जितेंद्र कुमार एक बार फिर अभिषेक त्रिपाठी की भूमिका निभाएंगे। रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैजल मलिक, चंदन रॉय, संवीका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक भी अपने परिचित किरदारों में नजर आएंगे।
इन कलाकारों ने फुलेरा की दुनिया को दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई है। प्रधान जी, मंजू देवी, प्रह्लाद चा, विकास, रिंकी, बिनोद और बनराकस जैसे किरदार सीरीज की कहानी का अहम हिस्सा रहे हैं।
इस सीजन का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। इसे TVF ने बनाया है और इसके निर्माण से जुड़ी रचनात्मक टीम में दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार शामिल हैं।
चार सीजन में कैसे बदली कहानी?
पहला सीजन अप्रैल 2020 में आया था। इसमें इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाला अभिषेक नौकरी के लिए गांव में पंचायत सचिव बनता है। शुरुआत में वह गांव की नौकरी को अपने करियर का अस्थायी पड़ाव मानता है, लेकिन धीरे-धीरे वहां के लोगों और उनकी समस्याओं से जुड़ने लगता है।
दूसरे सीजन में अभिषेक और फुलेरा के लोगों के रिश्ते आगे बढ़े। तीसरे सीजन में गांव की राजनीति और व्यक्तिगत घटनाओं ने कहानी को नया मोड़ दिया। चौथे सीजन में पंचायत चुनाव के दौरान मंजू देवी और क्रांति देवी के बीच मुकाबला दिखाया गया। चुनाव में क्रांति देवी की जीत के साथ कहानी नए मोड़ पर पहुंच गई।
अब पांचवां सीजन इसी बदले हुए राजनीतिक माहौल से आगे बढ़ेगा।
‘पंचायत’ को क्यों पसंद करते हैं दर्शक?
गांव की असली समस्याओं की झलक: सीरीज में सड़क, बिजली, पानी, सरकारी योजनाओं और पंचायत चुनाव जैसे विषयों को कहानी का हिस्सा बनाया गया। यही वजह है कि ग्रामीण जीवन से जुड़े दर्शकों को इसमें अपनापन महसूस होता है।
सहज और साफ-सुथरी कॉमेडी: इसके हास्य के लिए भद्दे संवादों या जरूरत से ज्यादा नाटकीय दृश्यों का सहारा नहीं लिया गया। छोटी-छोटी घटनाएं और किरदारों की बातचीत ही मनोरंजन पैदा करती हैं।
किरदारों का अलग अंदाज: सचिवजी की व्यावहारिक सोच, प्रधानजी का राजनीतिक अनुभव, मंजू देवी का आत्मविश्वास, विकास की मासूमियत और बनराकस की महत्वाकांक्षा कहानी को अलग-अलग रंग देते हैं।
सोशल मीडिया पर लोकप्रिय संवाद: ‘देख रहा है बिनोद’ और ‘गजब बेइज्जती है’ जैसे संवादों ने सीरीज को इंटरनेट पर भी खूब पहचान दिलाई। मीम्स और छोटे वीडियो के जरिए इसके किरदार उन लोगों तक भी पहुंचे, जिन्होंने पूरी सीरीज नहीं देखी थी।
पुरस्कार और दर्शकों का प्यार: ‘पंचायत 2’ को 54वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज (ओटीटी) का पहला पुरस्कार मिला। तीसरे सीजन ने 2024 की पहली छमाही में 2.82 करोड़ अनुमानित दर्शकों के साथ हिंदी वेब सीरीज में शीर्ष स्थान हासिल किया।
व्यूअरशिप में भी दर्ज किए बड़े आंकड़े
तीसरे सीजन के अनुमानित 2.82 करोड़ दर्शकों का आंकड़ा इसकी लोकप्रियता का बड़ा संकेत बना। इसके बाद चौथे सीजन ने भी अपनी पहुंच का विस्तार किया। चौथा सीजन रिलीज सप्ताह में 180 से अधिक देशों और क्षेत्रों में देखा गया। रिलीज के दिन यह 42 से ज्यादा देशों में प्राइम वीडियो की शीर्ष 10 सूची में शामिल हुआ और भारत के 95 प्रतिशत पिन कोड तक पहुंचा।
पांचवें सीजन के साथ ‘पंचायत’ भारत की उन गिनी-चुनी ओटीटी सीरीज में शामिल हो जाएगी, जो पांचवें सीजन तक पहुंची हैं। TVF की ‘गुल्लक’ पहले ही पांच सीजन पूरे कर चुकी है। अब दर्शकों की निगाहें 3 दिसंबर पर हैं, जब फुलेरा की नई कहानी सामने आएगी।
