SIR को लेकर जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच CEC ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई।
मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR (Special Intensive Revision) को लेकर देश में जारी राजनीतिक विरोध के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी गई है। केंद्र सरकार के फैसले के बाद उनकी पहले से मिली Z+ सुरक्षा के तहत तैनात सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ाई गई है।
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा बढ़ाने का फैसला दिल्ली और आगरा में मुख्य चुनाव आयुक्त के आवास के बाहर हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद लिया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने संभावित खतरे को देखते हुए उनके आवास और निर्वाचन सदन में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
आवास के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा
नई मोती बाग कॉलोनी स्थित ज्ञानेश कुमार के आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, कॉलोनी के बाहर अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है और परिसर में आने-जाने वाले लोगों की निगरानी बढ़ाई गई है।
इसके साथ ही CEC की व्यक्तिगत सुरक्षा में तैनात जवानों की संख्या भी बढ़ाई गई है।
यूथ कांग्रेस ने किया था प्रदर्शन
इससे पहले भारतीय युवा कांग्रेस ने 27 सितंबर को ज्ञानेश कुमार के आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने SIR को लेकर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की थी। पुलिस और सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को मौके पर रोक दिया था।
निर्वाचन सदन की सुरक्षा भी बढ़ी
दिल्ली के अशोक रोड स्थित निर्वाचन सदन, जहां चुनाव आयोग का मुख्यालय है, वहां भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था में CISF, CRPF, RAF और दिल्ली पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है। मुख्यालय के भीतर और बाहर निगरानी बढ़ाने के साथ आने-जाने वाले लोगों की जांच भी सख्त की गई है।
SIR को लेकर जारी है राजनीतिक विवाद
मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विपक्षी दल लगातार सवाल उठा रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं के नाम और वोटर लिस्ट को लेकर कई तरह की समस्याएं सामने आ रही हैं। वहीं चुनाव आयोग प्रक्रिया को लेकर अपनी तरफ से लगातार स्पष्टीकरण देता रहा है।
फिलहाल, SIR को लेकर जारी राजनीतिक हलचल के बीच CEC ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा बढ़ाए जाने को सुरक्षा एजेंसियों के एहतियाती कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
