गोल्डन टेंपल में माथा टेकते पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह और पार्टी प्रभारी सचिन पायलट।
पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से चली आ रही अंदरूनी खींचतान के बीच पार्टी ने अब एकजुटता का संदेश देने की कोशिश शुरू कर दी है। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष परगट सिंह और पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट गुरुवार को अमृतसर पहुंचे और श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया।
दोनों नेताओं के साथ कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। गोल्डन टेंपल पहुंचने से पहले अमृतसर एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया।
‘आज राजनीति नहीं, सिर्फ शुक्राना’
हरमंदिर साहिब में दर्शन के बाद परगट सिंह ने कहा कि वह गुरु साहिब का धन्यवाद करने और आशीर्वाद लेने आए हैं। उन्होंने साफ किया कि राजनीतिक चर्चा बाद में होगी।
परगट सिंह का कहना था कि अभी उनका उद्देश्य सिर्फ गुरु साहिब का शुक्राना करना है। उन्होंने कहा कि राजनीति भी होगी, लेकिन इसके लिए एक-दो दिन बाद बात की जाएगी।
2027 चुनाव से पहले कांग्रेस का नया प्लान
परगट सिंह की अगुवाई में यह दौरा इसलिए भी अहम है क्योंकि पंजाब कांग्रेस अगले विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट चुकी है। पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती लंबे समय से चली आ रही गुटबाजी को खत्म करके संगठन को एकजुट करना है।
ताजा राजनीतिक घटनाक्रम में परगट सिंह ने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की जगह पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली है। पार्टी नेतृत्व ने इस बदलाव को राज्य इकाई में नई ऊर्जा और बेहतर तालमेल की कोशिश के तौर पर आगे बढ़ाया है।
एयरपोर्ट पर भी दिखा शक्ति प्रदर्शन
सचिन पायलट और परगट सिंह के अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता वहां मौजूद थे। ढोल की थाप के बीच दोनों नेताओं का स्वागत किया गया।
कांग्रेस के अलग-अलग गुटों से जुड़े नेताओं की मौजूदगी को पार्टी की ओर से एकजुटता दिखाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
कई बड़े कांग्रेस नेता रहे मौजूद
गोल्डन टेंपल में परगट सिंह और सचिन पायलट के साथ विधायक सुखबिंदर सिंह सरकारिया, पूर्व उपमुख्यमंत्री ओपी सोनी, पूर्व मंत्री राज कुमार वेरका, विजय इंदर सिंगला और सुखविंदर सिंह डैनी समेत कई नेता मौजूद रहे।
राज कुमार वेरका ने कहा कि सभी नेता सचिन पायलट के नेतृत्व में पंजाब की भलाई के लिए मिलकर काम करेंगे।
परगट सिंह का राजनीतिक सफर
परगट सिंह भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और ओलंपियन रहे हैं। वह जालंधर कैंट से तीन बार विधायक भी रह चुके हैं।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद अब उनके सामने संगठन को मजबूत करने और पार्टी के अलग-अलग धड़ों को एक मंच पर लाने की बड़ी चुनौती है।
सिर्फ गोल्डन टेंपल ही नहीं, इन जगहों पर भी जाएंगे
अमृतसर दौरे के दौरान परगट सिंह और पार्टी नेताओं का धार्मिक स्थलों पर जाने का कार्यक्रम भी है। इसमें दुर्गियाना मंदिर, सेंट पॉल चर्च और राम तीर्थ शामिल हैं। यह दौरा कांग्रेस की ओर से व्यापक और समावेशी संदेश देने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
अब बड़ा सवाल
गोल्डन टेंपल में एक साथ नजर आए कांग्रेस नेताओं ने फिलहाल एकजुटता का संदेश जरूर दिया है, लेकिन असली परीक्षा आने वाले दिनों में होगी। पार्टी को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक मतभेदों को खत्म कर जमीन पर मजबूत टीम तैयार करनी होगी।
