बिहार ने दिल्ली के 224 रन के जवाब में एक गेंद शेष रहते जीत हासिल की।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के बुधवार को खेले गए मुकाबलों में रोमांचक क्रिकेट देखने को मिला। बिहार ने दिल्ली के खिलाफ 225 रन का मुश्किल लक्ष्य हासिल कर 2 विकेट से जीत दर्ज की। खास बात यह रही कि बिहार की टीम अपने कप्तान वैभव सूर्यवंशी के बिना मैदान पर उतरी थी। इसके बावजूद टीम ने आखिरी ओवर तक चले मुकाबले में दिल्ली को शिकस्त दी।
इंदौर के डेली कॉलेज मैदान पर दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 224 रन बनाए। जवाब में बिहार ने 19.5 ओवर में 8 विकेट पर 227 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। आखिरी ओवर में बिहार को 10 रन की जरूरत थी और टीम ने एक गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
यश धुल ने 59 गेंदों में ठोके 125 रन
दिल्ली की पारी के सबसे बड़े आकर्षण यश धुल रहे। उन्होंने बिहार के गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 59 गेंदों में 125 रन बना दिए। इस दौरान उनके बल्ले से 16 चौके और 7 छक्के निकले।
तेजस्वी दहिया ने भी शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 25 गेंदों में 51 रन बनाए। यश और दहिया के बीच चौथे विकेट के लिए 126 रन की साझेदारी हुई। इसी साझेदारी की मदद से दिल्ली 224 रन तक पहुंचने में सफल रही।
बिहार के लिए राघवेंद्र प्रताप सिंह ने गेंदबाजी में प्रभाव छोड़ा और 3 विकेट अपने नाम किए।
आयुष-बिपिन ने पावरप्ले में ही बदल दिया मुकाबले का रुख
बिहार की पारी शुरू होते ही आयुष लोहरूका और बिपिन सौरभ ने दिल्ली के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। आयुष ने 22 गेंदों में 50 रन बनाए, जबकि बिपिन ने सिर्फ 19 गेंदों में 49 रन ठोक दिए। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी हुई।
इन दोनों की तेज बल्लेबाजी ने बिहार को लक्ष्य के करीब पहुंचा दिया, लेकिन इसके बाद दिल्ली ने वापसी की कोशिश की। विकेट लगातार गिरने लगे और बिहार का स्कोर 189 रन पर 8 विकेट हो गया।
मुकाबला दिल्ली की ओर जाता दिखाई दे रहा था, लेकिन मेयंक कुमार और प्रशांत सिंह ने आखिरी समय में बाजी पलट दी। मेयंक ने 13 गेंदों में नाबाद 24 रन बनाए और प्रशांत ने 8 गेंदों में नाबाद 13 रन जोड़े। दोनों ने आखिरी विकेटों पर टीम को जीत दिला दी।
वैभव सूर्यवंशी ने टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में बिहार की कप्तानी की थी। राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए भारतीय टीम से जुड़ने के कारण वह दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में उपलब्ध नहीं थे।
अभिमन्यु ईश्वरन के नाबाद 61 रन, बंगाल की आसान जीत
मुंबई में खेले गए एलीट ग्रुप-A के मुकाबले में बंगाल ने झारखंड को 7 विकेट से हराया। झारखंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 148 रन बनाए। विराट सिंह ने नाबाद 45 रन बनाए, जबकि शिखर मोहन ने 42 रन की पारी खेली।
बंगाल की ओर से ऋषभ चौधरी, सायन घोष और मुकेश कुमार ने 2-2 विकेट लिए। इसके बाद बंगाल ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 18.4 ओवर में 3 विकेट पर 149 रन बना लिए। कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन ने 48 गेंदों में नाबाद 61 रन बनाकर टीम की जीत सुनिश्चित की।
आंध्र ने 225 रन बनाकर केरलम को हराया
मोहाली में आंध्र और केरलम के बीच खेले गए एलीट ग्रुप-C के मैच में भी बड़ा स्कोर देखने को मिला। आंध्र ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 225 रन बनाए।
सीरम राहुल ने 30 गेंदों में 64 रन की विस्फोटक पारी खेली। शेख राशिद ने 39 गेंदों में 60 रन बनाए, जबकि अश्विन हेब्बार ने 15 गेंदों में 37 रन जोड़े। एम हेमंत रेड्डी ने भी 16 गेंदों में 32 रन बनाकर स्कोर को मजबूती दी।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी केरलम की टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 196 रन ही बना सकी। आंध्र ने यह मुकाबला 29 रन से जीत लिया। केरलम के लिए एमडी निधीश ने 3 और बीजू नारायणन ने 2 विकेट हासिल किए।
बुधवार के मुकाबलों में बिहार की दिल्ली पर जीत सबसे रोमांचक रही, जहां टीम ने अपने कप्तान के बिना भी आखिरी गेंद से पहले लक्ष्य हासिल कर लिया।
